मेरठ: यूपी के मेरठ में मंगलवार सुबह दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ब्रेजा कार का अगला टायर अचानक फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टायर फटने के साथ ही वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे पर लहराने लगा और कुछ ही क्षणों में कई पलटियां खाकर खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए।
पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला
राहगीरों से सूचना मिलते ही दौराला पुलिस ने स्थानीय लोग कि मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारो युवकों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे। अस्पताल में उपचार के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। चौथे युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दिल्ली के रहने वाले थे सभी लोग
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार पर दिल्ली का पंजीकरण नंबर दर्ज है। इससे आशंका जताई जा रही है कि सभी युवक दिल्ली के निवासी हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। घटनास्थल से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, लेकिन सभी पासवर्ड से लॉक होने के कारण उनसे कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
काफी देर तक बंद रहा हाईवे
अब पुलिस वाहन के पंजीकरण विवरण और अन्य तकनीकी माध्यमों से मृतकों व घायल की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चारों युवक किस स्थान से आ रहे थे और उनका गंतव्य क्या था। वही हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।