यूपी में नायब तहसीलदार ने सरकारी आवास में खुद को मारी गोली-मचा हडकंप

In UP, Naib Tehsildar shot himself in government residence, causing commotion
In UP, Naib Tehsildar shot himself in government residence, causing commotion

यूपी के बिजनौर में बुधवार की सुबह साढ़े 10 बजे के करीब बड़ी घटना हो गई। यहां सदर तहसील के नायब तहसीलदार राजकुमार ने खुद को सरकारी आवास में बंद कर लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन अंतत: उन्हें बचाया नहीं जा सका। नायब तहसीलदार के सुसाइड से बिजनौर के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा सहित तमाम अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। नायब तहसीलदार राजकुमार बागपत जिले के थाना छपरौली के गांव कुरड़ी के रहने वाले थे। वे यहां कलेक्ट्रेट के पीछे स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे। राजकुमार के माता-पिता भी उनके साथ ही रहते थे। अधिकारियों के अनुसार नायब तहसीलदार राजकुमार सरकारी काम से इलाहाबाद हाईकोर्ट गए हुए थे। बुधवार की सुबह करीब 9 बजे वे इलाहाबाद से घर लौटे थे।

बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद वे परिवार के लोगों से बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान वे कमरे में गये और अंदर से कुंडी लगाकर खुद को पिस्टल से गोली मार ली। गोली उन्होंने कनपटी से सटाकर मारी थी। गोली की आवाज सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे घर में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस बीच सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी तरह दरवाजा तोडक़र खून से लथपथ नायब तहसीलदार राजकुमार को बाहर निकाला गया। उनकी बेहद चिंताजनक हालत थी। उन्हें आनन-फानन में सिविल लाइन स्थित बीना-प्रकाश हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की गई।

अस्पताल पहुंची डीएम जसजीत कौर ने भी डॉक्टरों से बातचीत कर नायब तहसीलदार के इलाज में कोई कसर न छोडऩे के लिए कहा। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद अंतत: राजकुमार को बचाया नहीं जा सका। डॉ. प्रकाश ने बताया कि नायब तहसीलदार को बेहद चिंताजनक हालत में अस्पताल लाया गया था।