पूजा की हत्या की पूरी साजिश पुलिस पूछताछ में सामने आ गई है। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे तक पूजा की अपने स्वजन और मंगेतर से बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे विमल ने एक साथी की मदद से मफलर से गला घोंटकर पूजा की हत्या कर दी।
ठिकाने लगाने की जगह तलाशते रहे
हत्या के बाद दोनों आरोपी करीब तीन घंटे तक शहर और आसपास के इलाकों में शव ठिकाने लगाने की जगह तलाशते रहे। रात करीब 11 बजे वे रिठौरा के जंगल पहुंचे, जहां गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए पूजा की स्कूटी को पीलीभीत-पूरनपुर रोड स्थित शारदा नहर में धकेल दिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि पूजा और विमल के बीच 25 हजार रुपये को लेकर विवाद हुआ था। कार में झगड़े के दौरान ही विमल ने हत्या कर दी। इसके बाद वह दिल्ली चला गया और पूजा के मोबाइल से स्टेटस लगाया कि उसने शादी कर ली है, ताकि लोगों को लगे कि पूजा जीवित है। बाद में मोबाइल बंद कर वह वापस बरेली आ गया और फोन छिपा दिया।
खुद को फिजियोथेरेपिस्ट बताया
आरोपी विमल ने खुद को फिजियोथेरेपिस्ट बताया है, हालांकि वह कहीं प्रैक्टिस नहीं करता था और पूजा के साथ ही काम करता था। पुलिस के अनुसार, उसने पूछताछ के दौरान भी काफी देर तक गुमराह किया, लेकिन सख्ती के बाद पूरी घटना कबूल ली।
दूसरे आरोपी की पहचान
घटना में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर पिता ने बेटी को अपना जिगर का टुकड़ा बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। स्वजन के मुताबिक, पूजा मार्च में प्रेम विवाह करने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई।