आगरा। यूपी में आगरा के फतेहाबाद थाना डौकी क्षेत्र के गांव कुंडौल में शुक्रवार सुबह पशुओं के बाड़े में वृद्ध महिला की नौकर ने सिर में फावड़ा प्रहार कर हत्या कर दी। क्षेत्र में सनसनी मच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दूसरे समुदाय का है। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात किया गया है। धर्मस्थल पर भी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।
कुंडौल (डौकी) निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र सीताराम ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10. 30 बजे करीब मां राजन देवी (60) वर्ष पशुओं के बाड़े में थीं। वहां उनका नौकर कुंडौल निवासी छोटू खां पुत्र सत्तार पशुओं को चारा डाल रहा था। मां गोबर के उपले थाप रही थी। इसी दौरान नौकर छोटू ने उन पर फावड़े से हमला कर दिया। सिर पर कई वार प्रहार किए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद नौकर अंदर से गेट बंद कर दीवार फांदकर बाड़े से बाहर आ गया।
पुत्र राजेंद्र के अनुसार वह कुछ देर बाद बाड़े पर पहुंचे तो बाहर नौकर छोटू खड़ा मिला। उसके हाव-भाव शक पैदा करने वाले थे। उन्होंने नौकर को दीवार फांदकर बाड़े में भेजा और गेट खुलवाया। बाड़े में मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार, थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंची। नौकर छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या के बाद गांव में फैला तनाव धर्मस्थल पर पुलिस ने की सुरक्षा थाना डौकी क्षेत्र के गांव कुंडौल में शुक्रवार को पशु बाड़े में बुजुर्ग महिला की हत्या से तनाव व्याप्त हो गया। हत्याकांड की जानकारी पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। उनमें काफी आक्रोश था। अगर पुलिस तुरंत ही मौके पर नहीं पहुंचती तो भीड़ आरोपी से मारपीट भी कर सकती थी। तनाव के हालात को देखते हुए पुलिस ने गांव की मस्जिद पर सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस को आशंका थी कि कहीं भीड़ मस्जिद पर हमला न कर दे। थानाध्यक्ष डौकी योगेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने गांव की मस्जिद के मौलवी मोहम्मद मुसर्रफ निवासी फर्रुखाबाद को भी सुरक्षा की दृष्टि से थाने पर बैठा लिया था।
दस वर्ष से बाड़े में रह रहा था आरोपी पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी छोटू दस 10 वर्ष से उनके बाड़े में ही रहता था। काफी दिनों से वह शराब- गांजा और चरस का नशा करने लगा था। इसको लेकर 10 दिन पूर्व उसे बाड़े पर आने के लिए मना कर दिया गया था। गुरुवार सुबह को वह बाड़े पर पहुंचा था। फिर वारदात को अंजाम दिया। इधर ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी छोटू मनोरोगी है।
हमले के दौरान वृद्धा ने किया संघर्ष 60 वर्षीय वृद्धा राजन देवी पर जब नौकर ने हमला किया तो वह उपले बना रही थीं। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। उपले गीले होने के कारण वहां दोनों के बीच हुए संघर्ष के निशान हैं। बुजुर्ग महिला ने भगाने का भी प्रयास किया। दूसरी जगह उनके हाथ की चूड़ी टूटी हुई पड़ी मिली है। वहां खून भी मिला है। पुलिस को वृद्धा का शव गेट के पास पड़ा मिला है। वहां फावड़े पर भी खून तथा सिर के बाल मिले हैं। पुलिस ने फावड़े को बरामद कर लिया है।
घटनास्थल पर मिली पूजा सामग्री, शराब की बोतल पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया कि मां जब बाड़े पर आती थी तो पूजा की सामग्री भी लाती थीं। पूजा सामग्री की थैली पास में ही पड़ी मिली है। इधर आरोपी छोटू खां बाड़े में जहां सोता था वहां अंग्रेजी शराब की एक खाली बोतल भी पड़ी हुई थी।
किसी ने नहीं सुनी वृद्धा की चीखें पशुओं के बाड़े के पास कई मकान हैं। लेकिन किसी ने वारदात के दौरान बुजुर्ग महिला की चीखें नहीं सुनीं। यहां तक कि घरवालों को भी बाड़े में शोर सुनाई नहीं पड़ा। दीवार फांदकर कूदते समय आरोपी के पैर गोबर से सने हुए थे। इसकी छाप दीवार पर मिली है।
पति वैद्य, बेटे चलाते हेल्थ सेंटर राजन देवी के पति सीताराम वैद्य हैं। उनके तीन पुत्र हैं। बड़ा बेटा इटावा के जसवंत नगर में अधीक्षक के पद पर तैनात है। राजेंद्र व छोटा बेटा लोकेंद्र कुंडौल में लटूरी सिंह हेल्थ केयर सेंटर चलाते हैं।