सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में प्रेमिका से रात में मिलने गए युवक को उसके परिजनों ने पकड़ लिया। उसके बाद गुस्से में उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक गंभीर रूप से घायल है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। युवक के परिजनों ने अभी तक मामला दर्ज नहीं कराया है।
मामला खेसरहा थाना क्षेत्र का है। कृष्णदेव उर्फ रोहित पांडेय बर्नवार गांव का रहने वाला है। उसकी शादी हो चुकी है। वह मुंबई में रहकर नौकरी करता है। उसकी वहां एक महिला मित्र भी है। वह दीवाली पर 15 दिन पहले गांव लौटा था। बुधवार को वह उस महिला मित्र से मिलने के लिए घर गया, जहां उसके परिजनों ने दोनों को देख लिया।
परिजनों ने उसको पकड़कर बुरी तरह पीटा। उसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत ही रोहित को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया।
युवक की हालत गंभीर
रोहित की हालत गंभीर है। पुलिस ने जानकारी दी कि रोहित 70 फीसदी तक जल गया है। उसकी हालत नाजुक है। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। रोहित के परिजनों ने अभी तक एफआईआर नहीं करवाई है। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने कहा कि पीड़ित के परिजनों से इस बारे में बात की है। उनसे कहा है कि डरने की जरूरत नहीं है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया जाएगा। उसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।