यूपी में बड़ा सड़क हादसाः श्रद्धालुओं की बस ट्रेलर से टकराई, 4 की मौत-9 घायल

Major road accident in UP: Pilgrims' bus collides with trailer, 4 dead and 9 injured
Major road accident in UP: Pilgrims' bus collides with trailer, 4 dead and 9 injured

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रविवार की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई. बताया जा रहा है कि बस छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को लेकर धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए अयोध्या से वाराणसी जा रही थी. लेकिन इस बीच बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि बस में कुल 50 श्रद्धालु सवार थे.

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार ये हादसा रविवार देर रात जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित सिहीपुर क्रॉसिंग के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस एक ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी लेकिन तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वो ट्रेलर से दाहिनी तरफ जा टकराई. ये टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इससे कई यात्री बस की सीटों में ही फंस गए.

काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि बस में लगभग 50 लोग सवार थे, जिसमें अधिकतर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. ये श्रद्धालु अयोध्या के दर्शन के बाद वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे. एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है.

लोगों ने बताई हादसे की वजह
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. इस दौरान 108 एंबुलेंस की मदद से लगातार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाया. पुलिस अब इस हादसे में मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर रही है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सिहीपुर क्रॉसिंग पर अक्सर ट्रेलरों की अवैध पार्किंग और तेज गति से ओवरटेक करने की वजह से इस तरह के हादसे होते रहते हैं.