यूपी बाढ़: यमुना खतरे के निशान से नीचे, धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही जिंदगी

आगरा। आगरा में यमुना 14 दिन के बाद खतरे के निशान से नीचे उतरी है। अब धीरे-धीरे नदी अपने सामान्य रूप में लौट रही है। इसी के साथ आम लोगों की जिंदगी भी पटरी पर लौटने लगी है। वाटर वर्क्स पर नदी का जलस्तर 494.9 फीट दर्ज हुआ है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की मानें तो अब ताजेवाला और ओखला बैराज पर भी नदी में पानी सामान्य स्थिति में है।

बता दें कि विगत एक अगस्त को हथिनीकुंड से यमुना में 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा था। इससे आगरा में बाढ़ आ गई थी। वाटर वर्क्स पर यमुना का जलस्तर 501.3 फीट तक पहुंच गया था। बाढ़ की चपेट में शहर की पॉश कॉलोनियों से लेकर 40 गांव आए थे। हजारों बीघा फसल जलमग्न हैं। रविवार को नदी का पानी खतरे के निशान से नीचे आ गया है। शाम आठ बजे वाटर वर्क्स पर जलस्तर 494.9 फीट रिकॉर्ड हुआ है, जो बाढ़ की चेतावनी स्तर 495 फीट से नीचे है। नदी का पानी उतरने से कैलाश, पोइया, बल्केश्वर, हाथी और दशहरा घाट से पानी नीचे पहुंच गया है। यहां नदी की गाद, कीचड़ छोड़ गया है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार ताजेवाला बैराज से 21,926 क्यूसेक, ओखला बैराज से 31,534 क्यूसेक पानी नदी में प्रति घंटे छोड़ा रहा है। वहीं गोकुल बैराज से आगरा की तरफ 73,222 क्यूसेक पानी प्रति घंटे छोड़ा जा रहा है। दो दिन में यहां से डिस्चार्ज सामान्य हो जाएगा। बता दें कि 14 दिन के बाद रविवार को यमुना का जलस्तर सामन्य से नीचे आया है। एक सितंबर को 495.9 फीट दर्ज हुआ था। ये बाढ़ की चेतावनी से ऊपर था।

सफाई में जुटे लोग
नदी का पानी उतरने के बाद कॉलोनी और घरों से पानी निकल गया है। लोगों ने घर की सफाई शुरू कर दी है। गाद, कीचड़ से मकानों की हालत खराब हो गई है। कीड़े और मकोड़े भी बहुत हैं। बल्केश्वर कुआं वाली गली में कई मकानों के फर्स तक धंस गए हैं। मच्छरों का बोलबाला है। स्थानीय लोगों का कहना हैं कि शाम को घर के बाहर बैठना भी मुश्किल है।

सितंबर में 37 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा
ताजनगरी में सितंबर बेहद गर्म चल रहा है। भारी बारिश के बाद भी राहत नहीं है। लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। रविवार को दिन का तापमान 37 डिग्री को पार कर गया। आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज यही रहने वाला है। इस साल सितंबर में बारिश ने बहुत जोर मारा, लेकिन भारी बारिश के बाद यह ठंडा पड़ गया। पूर्वी शहरों में बारिश होती रही और उत्तर क्षेत्र में बादलों की विदाई हो गई। अब आगरा में एक सप्ताह से बादल शांत हो गए हैं। तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक होकर 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक होकर 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 20 सितंबर तक आसमान साफ रहेगा।