Bakrid 2026 UP Guideline: उत्तर प्रदेश में बकरीद से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने राज्यभर के अधिकारियों को साफ निर्देश जारी करते हुए सख्त व्यवस्था लागू करने को कहा है. इन निर्देशों का मकसद त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करना बताया गया है.
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी. केवल निर्धारित और पहले से चिन्हित स्थलों पर ही पशु बलि की अनुमति होगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी भी नई परंपरा को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा.
इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ ने ये निर्देश भी दिया कि नमाज केवल पारंपरिक स्थलों पर ही अदा की जाएगी. सड़क पर या सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध कर नमाज पढ़ने की अनुमति किसी भी स्थिति में नहीं दी जाएगी. सरकार का कहना है कि यह कदम आम जनता की आवाजाही और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.
अवैध बूचड़खानों पर होगा एक्शन
बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए. कुर्बानी के बाद उत्पन्न होने वाले कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और खुले में मांस बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो. साथ ही अवैध बूचड़खानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं.
सीएम ने ये भी कहा कि कानूनी बूचड़खानों में भी क्षमता से ज्यादा पशु नहीं रखे जाएं. प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और फ्लैग मार्च और पैदल गश्त लगातार की जाए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.
इस समीक्षा बैठक में अलीगढ़, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर और संभल जैसे संवेदनशील जिलों के अधिकारियों से भी बातचीत की गई. मुख्यमंत्री ने पिछली घटनाओं का अध्ययन कर संभावित असामाजिक तत्वों की पहचान करने और उनके खिलाफ पहले से कार्रवाई करने के निर्देश दिए.