गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले में शराब और बीयर की खपत बढ़ रही है। यही वजह है कि शराब की बिक्री का रिकॉर्ड टूटा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में आबकारी विभाग को पहली बार 1,889 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री की गई है, जो कि लक्ष्य के सापेक्ष 88 प्रतिशत है। इसके अलावा जिले में अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए जिले में 1,189 मामले वित्तीय वर्ष 2025-26 में दर्ज किए गए हैं, जिसमें 53 लोगों की गिरफ्तारी की गई है और 52 आरोपियों को जेल भेजा गया है।
अवैध शराब की बिक्री के मामले में वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिले में 252 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह संख्या बढ़कर 466 पहुंच गई। वित्तीय वर्ष 2024-24 में 212, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 116 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सौ से कम रही
पिछले पांच साल में वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली बार अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सौ से कम रही है। आबकारी विभाग की टीम को जिले में अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए आबकारी निरीक्षकों को लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
शराब बिक्री से राजस्व प्राप्ति (₹ करोड़ में)
वित्तीय वर्ष राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य राजस्व की प्राप्ति
2021-22 1485.50 1185.10
2022-23 1998.45 1577.55
2023-24 2216.19 1813.87
2024-25 1961.24 1615.32
2025-26 2130.30 1889.23
जिले में दूसरे राज्यों से शराब लाकर बेचने वालों के साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों पर नजर रखी जा रही है। अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर आबकारी निरीक्षक टीम के साथ ही छापामारी कर कार्रवाई करते हैं, अवैध शराब की बिक्री को पूरी तरह से बंद कराया जाएगा। – संजय सिंह, जिला आबकारी अधिकारी