उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करती दिखाई दे रही है. दो अलग-अलग जिलों में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो इनामिया और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दोनों मामलों में अवैध हथियार और नगद भी बरामद किए हैं.
बांदा में अपहरण कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बांदा जिले के थाना जसपुरा क्षेत्र में अपहरण कांड के 25 हजार रुपए के इनामी भानू उर्फ भानूप्रताप को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. भानू पर अपहरण, लूट, डकैती, गुंडा एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं.ग्राम गौरीकला निवासी शिवशंकर पाल ने 03 सितंबर 2025 को अपने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पीड़ित युवक को बरामद कर तीन आरोपियों को जेल भेजा था, जबकि मुख्य आरोपी भानू फरार था.बीती रात गश्त के दौरान सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। आत्मसमर्पण के लिए कहा गया तो भानू ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे पैर में गोली मारकर काबू कर लिया.अभियुक्त से 01 अवैध तमंचा, 01 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस और 530 रुपए नगद बरामद किए गए.
मऊ में मंटू सिंह हत्याकांड का आरोपी पकड़ा गया
मऊ जिले में चर्चित राजेश उर्फ मंटू सिंह हत्याकांड के आरोपी विवेक गौड़ को भी पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है.छठ के दिन बाजार से लौटते समय मंटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में तीन लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि विवेक और मृत्युंजय फरार थे.रविवार सुबह एसओजी और पुलिस टीम ने दोनों की घेराबंदी की. हमलावरों की फायरिंग पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें विवेक के पैर में गोली लगी और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृत्युंजय राजभर भी खेतों की ओर भागते समय पकड़ा गया.दोनों से पूछताछ जारी है.