हरियाणा में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, इलाज के बहाने ले गई थी मायके

फरीदाबाद के एनआईटी इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

यह घटना एनआईटी फरीदाबाद के कृष्णा नगर इलाके की है. मृतक की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था. पुलिस के मुताबिक, अरुण की पत्नी पूनम पर शक गहराने के बाद परिजनों ने एनआईटी थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में दावा किया गया है कि पूनम ने प्रेमी के साथ मिलकर यह हत्या रची.

इलाज के बहाने मायके ले गई
शिकायतकर्ता सूरजपाल, जो मृतक के पिता हैं. उन्होंने बताया कि उनका बेटा अरुण कई दिनों से बुखार से पीड़ित था. गुरुवार को पूनम ने इलाज कराने के बहाने उसे एनआईटी 5 स्थित अपने मायके ले गई. वहां उसने अपने प्रेमी को भी घर बुलाया. बताया जा रहा है कि दवा खाने के बाद अरुण जब सो गया, तो पूनम और उसके प्रेमी ने मिलकर उसका गला घोंट दिया.

बीमारी से मौत बताकर पिता को दिया झांसा
हत्या के बाद पूनम ने अपने ससुर सूरजपाल को फोन कर बताया कि अरुण की तबीयत खराब होने के कारण उसकी मौत हो गई है. जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उन्होंने अरुण की गर्दन पर गहरे निशान देखे. सूरजपाल ने कहा, “ऐसा लग रहा था जैसे बेल्ट या रस्सी से गला घोंटा गया हो. उसी वक्त हमें शक हो गया कि अरुण की हत्या की गई है.”

पत्नी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने सूरजपाल की शिकायत के आधार पर पूनम और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. एनआईटी थाना प्रभारी और जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि पूनम को हिरासत में लिया गया है और उसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

नरेश कुमार ने बताया कि परिवार के मुताबिक, अरुण और पूनम की शादी सात साल पहले हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए थे. पूनम के संबंध किसी अन्य व्यक्ति से होने की बात सामने आई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अब पूनम के प्रेमी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है. मामला हत्या का है, इसलिए पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.फिलहाल पूनम से लगातार पूछताछ जारी है.