24 घंटे बाद यूपी में गर्मी को कहिएगा टाटा-बाय-बाय, आंधी-तूफान के साथ बारिश

लखनऊः उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है. एक तरफ जहां शनिवार की रात को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई तो वहीं दूसरी तरफ रविवार को 50 जिलों में लू चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. बताया जा रहा है कि मानसून पिछले कई दिनों से बॉर्डर पर अटका हुआ है. वैसे आमतौर पर मानसून यूपी में 20 जून तक आ जाता है.

लेकिन इस बार अनुमान लगाया जा रहा है कि 29-30 जून तक प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है. यानी कि सामान्य से करीब 8 दिन की देरी से मानसून आएगा. बीतने शनिवार को प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं फतेहपुर में 42.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 42.5 डिग्री सेल्सियस और बांदा में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है.

वाराणसी, लखनऊ, आगरा सहित 50 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थ नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अंबेडकरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

यूपी में कब आएगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि 29 जून तक लू लोगों को परेशान करेगी. इसके बाद मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी. जिन इलाकों में बारिश नहीं भी होगी, वहां भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और इसके चलते 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट आएगी. इसके कारण चिलचिलाती धूप और लू से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग का कहना है कि 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून पिछले 16-17 दिन से महाराजगंज के पास रुका है. अब अगले दो दिन के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के यूपी में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. आज और कल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू का असर रहेगा. इस दौरान पूर्वांचल, तराई और कुछ अन्य इलाकों में तेज हवा चलने और मामूली बारिश होने की भी संभावना है.

यूपी में अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम
28 जून- पश्चिमी यूपी में गर्मी बढ़ेगी. पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं. लेकिन लू से राहत नहीं मिलने वाली है.
29 जून- पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश के आसार हैं. पूर्वी यूपी में जोरदार बारिश होने के आसार हैं.
30 जून- पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. पूर्वी यूपी में तेज आंधी-बारिश के आसार हैं.
1 जुलाई- पश्चिमी यूपी में बौछारें पड़ सकती हैं. पूर्वी यूपी में तेज आंधी-बारिश के आसार हैं. गर्मी से राहत मिलेगी.
2 जुलाई- पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश का दौर शुरू होगा. पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान के साथ बारिश के आसार हैं.
3 जुलाई- पूरे प्रदेश में बारिश होगी. पूर्वी यूपी में मूसलाधार बारिश के आसार हैं.