यूपी में अगले 3 दिनों तक भीषण हीटवेव! IMD ने इन 32 जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) का प्रकोप जारी है. मौसम विभाग (IMD) ने 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में लू का असर देखने को मिल सकता है.

IMD ने कहा कि उष्ण लहर (लू) का सामान्य जनजीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है. आम लोगों के लिए गर्मी किसी हद तक सहनीय रह सकती है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका रहती है.

लगातार गर्मी रहने पर जोखिम बढ़ेगा- IMD
मौसम विभाग ने बताया कि विशेष रूप से मजदूर वर्ग-जैसे औद्योगिक श्रमिक, खनन श्रमिक और दिहाड़ी मजदूर-साथ ही किसान और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों में डिहाईड्रेट होने और लू लगने का खतरा अधिक रहता है. पशुधन और खड़ी कृषि या बागवानी फसलों पर इसका प्रभाव सामान्यतः मामूली रहने की संभावना है, हालांकि लगातार गर्मी रहने पर जोखिम बढ़ सकता है.

मौसम विभाग ने कहा है कि लोगों को खासकर दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से बचना चाहिए और हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने चाहिए. बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढंककर रखना चाहिए. शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करना जरूरी है.

शाम के समय हल्की सिंचाई करते रहें- IMD
किसानों को खड़ी फसलों में नमी बनाए रखने के लिए शाम के समय हल्की सिंचाई करते रहना चाहिए, जबकि खेती, खनन और अन्य खुले क्षेत्र के कामों को मौसम के अनुसार समायोजित करना चाहिए. वहीं, पशुओं को दोपहर में चराने से बचाना चाहिए और उन्हें छाया में रखकर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना जरूरी है.