लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा जल्द ही अपनी आधिकारिक पॉडकास्ट श्रृंखला शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही यूपी देश की पहली ऐसी विधानसभा बन जाएगी जो डिजिटल माध्यम के जरिए संसदीय परंपराओं और विधानमंडल की कार्यप्रणाली को आम जनता तक पहुंचाएगी।
इस पॉडकास्ट के माध्यम से विधानसभा की उन परंपराओं और प्रक्रियाओं को लोगों के सामने लाया जाएगा जो अब तक आमतौर पर परदे के पीछे रही हैं। इसमें सरकार के मंत्री, वर्तमान विधायक और पूर्व विधायक अपने कार्यकाल के अनुभव, निजी जीवन से जुड़े संस्मरण और जनसेवा के दौरान आई चुनौतियों को भी साझा करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता को विधानमंडल की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं से सीधे जोड़ना है ताकि लोगों में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और विश्वास और मजबूत हो सके।
विधानसभा सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विधानसभा भवन में पॉडकास्ट से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधानसभा लाइब्रेरी के पास अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो तैयार किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक, विधानसभा सत्र के दौरान ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पॉडकास्ट का औपचारिक उद्घाटन करवाया जाएगा। इसके बाद नियमित रूप से पॉडकास्ट एपिसोड जारी किए जाएंगे।