यूपी में लगातार समय दिए जाने के बाद भी ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाखों राशनकार्ड लाभार्थियों के राशन पर संकट के बादल मंडराने जा रहे हैं। सरकार ने राशन के पात्र लाभार्थियों को ई-केवाईसी कराने के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया है। इस डेट तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थियों का राशन तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। इस बीच जो ई-केवाईसी कराएगा उसका राशन ही वितरित होगा।
जिला पूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद में 5 साल से ऊपर के कुल 24 लाख 12 हजार 957 राशन लाभार्थी हैं। इनमें से अभी तक केवल 20 लाख 45 हजार 276 ने ही अपनी ई-केवाईसी कराई है। यानि 3 लाख 67 हजार 681 सदस्यों के राशन पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसा ही हाल हापुड़ जिले का भी है। यहां कुल 9 लाख 60 हजार 853 लाभार्थियों में से 8 लाख 19 हजार 83 ने ही ई-केवाईसी कराई है जबिक 1 लाख 41 हजार 770 इससे वंचित है। इन्हें भी राशन से हाथ धोना पड़ेगा। मुजफ्फरनगर जनपद में 21 लाख 7 हजार 349 लाभार्थियों में से 18 लाख 19 हजार 747 ने ही ई-केवाईसी कराई है। करीब 1.88 लाख से अधिक लाभार्थियों की ई केवाईसी होना शेष है। वहीं शामली जनपद में भी 1.53 लाख लोगों की ई-केवाईसी नहीं हुई है। इसके अलावा बिजनौर जनपद में 27 लाख 4 हजार 162 राशन लाभार्थियों में से 23 लाख 31 हजार 555 लाभार्थियों ने ही ई -केवाईसी कराई है।
पांच साल तक के बच्चों को मिलेगी छूट
ई-केवाईसी नहीं कराएगा तो उसका राशन अगले तीन महीने तक निलंबित हो जाएगा। उसे तभी राशन मिलेगा जब वह इस बीच अपनी ई-केवाईसी करा लेगा। इस प्रक्रिया से 5 साल तक के बच्चों को छूट दी गई है। इसके अलावा कार्ड में शामिल लाभार्थियों को ई-केवाईसी करानी होगी।