यूपी में इन जिलों को मिला 3.84 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य

लखनऊ। औद्योगिक विकास विभाग ने सभी जिलों के लिए निवेश की परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 के तहत इस बार जिलों को 3.84 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लक्ष्य दिया गया है।

सबसे ज्यादा मीरजापुर को 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा सोनभद्र, गाजियाबाद व लखनऊ को 20-20 हजार करोड़ रुपये के लक्ष्य दिए गए हैं। इस संदर्भ में शासन ने सभी जिलाधिकारियों व मंडलायुक्तों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित जीबीसी-5 के आयोजन लिए इन्वेस्ट यूपी ने मंगलवार को एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 10 नवंबर तक निविदा आमंत्रित की गई है। इस जीबीसी में भूमि पूजन के लिए पांच लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है।

सबसे अधिक 70 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लक्ष्य उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकारण (यूपीसीडा) को दिया गया है। साथ ही निवेश से संबंधित 29 विभागों को भी सरकार ने लक्ष्य दिए हैं। जीबीसी-4 में 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का लक्ष्य रखा गया था। अभी तक हो चुकी चार जीबीसी में करीब 12 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष करीब 90 प्रतिशत निवेश धरातल पर उतारा जा चुका है।

इन्वेस्ट यूपी ने अभी करीब 2.9 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने संबंधी सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके अलावा विभिन्न जिलों में निवेश के लिए आ चुके प्रस्तावों को लेकर आगामी दो सप्ताह में समझौता ज्ञापन (एमओयू), भूखंडों का आवंटन व अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश जिलाधिकारियों व मंडलायुक्तों को दिए गए हैं। इन्वेस्ट यूपी के अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार स्वयं इसकी समीक्षा कर रहे हैं।

तैयारी में 16 टाप जिलों में लखनऊ है सबसे पीछे

जिला लक्ष्य (करोड़ रुपये में) एमओयू (प्रतिशत में)
मीरजापुर 26,000 45
सोनभद्र 20,000 14
गाजियाबाद 20,000 19
लखनऊ 20,000 07
झांसी 16,000 12
बरेली 15,000 55
कानपुर नगर 12,000 35
अलीगढ़ 11,000 21
बुलंदशहर 10,000 17
मुरादाबाद 10,000 30
प्रयागराज 10,000 16
सीतापुर 10,000 22
मेरठ 10,000 26
उन्नाव 9,000 40
बाराबंकी 9,000 47
आगरा 9,000 09