यूपी में दर्दनाक हादसाः हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई बरातियों से भरी बस; आठ झुलसे

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के खीरी में गुरुवार शाम एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पीलीभीत से बरात लेकर पहुंची एक बस हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में बस में करंट दौड़ गया, जिससे एक युवती की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी वाले घर में मातम छा गया।

दो बेटियों की शादी के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, खीरी के मोहल्ला पट्टी रामदास निवासी मोइन की दो बेटियों की शादी थी। पीलीभीत जिले के भिखारीपुर, सुनगढ़ी क्षेत्र से दोनों बारातें आ रही थीं। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिजन बरात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान बारातियों को लेकर आ रही एक बस कस्बे के बाहर पुलिया के पास हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई।

बस में दौड़ा करंट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में करीब 40 बराती सवार थे। जैसे ही बस रामापुर मार्ग से खीरी टाउन पहुंची, वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। इससे बस में करंट फैल गया और सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से किसी तरह यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।

युवती की मौत, कई लोग घायल
हादसे में पलिया क्षेत्र के छोटा पतवारा निवासी जीनत (23) पुत्री इस्तियाक गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें अन्य घायलों के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जीनत को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि कई लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

ये लोग हुए घायल
घायलों में अमजद हुसैन (51), शायरा बानो (48), शायदा बेगम (60), अनाबिया (7), सानिया (20), इशरत (30), चालक ताहिर और मोहम्मद शादमान (12) शामिल हैं। किसी का हाथ झुलसा है तो किसी के पैर और शरीर के अन्य हिस्से प्रभावित हुए हैं।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर अश्वनी कुमार, सीओ सिटी/सदर विवेक तिवारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया।

जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई, रखरखाव या अन्य किसी तकनीकी कारण से यह दुर्घटना हुई या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।