फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक और हादसा हुआ है। चलती बाइक पर पटाखों से भरा बैग फटने से दो छात्रों के चिथड़े उड़ गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। तीसरा छात्र घायल है। घटना राजेपुर थाना क्षेत्र में कपिल रोड पर हुई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। कायमगंज और कपिल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। विस्फोट से इलाके में अफरातफरी मच गई है। इससे पहले फर्रुखाबाद में ही एक कोचिंग सेंटर में पिछले दिनों विस्फोट में दो छात्रों की मौत हो गई थी। हालांकि उस विस्फोट के लिए पुलिस ने सैप्टी टैंक को कारण बताया था।
बताया जाता है कि एक ही बाइक पर तीन छात्र सवार थे और पटाखे से भरी बोरी ले रखी थी। जैसे ही वे कपिल रोड से गुजर रहे थे, अचानक पटाखों में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भयंकर था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दो छात्रों के चिथड़े उड़ गए। दोनों छात्र फतेहपुर परौली गांव के रहने वाले थे। दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा छात्र घायल है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। वह भी गंभीर रूप से घायल है। उसे पास के अस्पताल भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी को उजागर किया है। पटाखों के अवैध और असुरक्षित परिवहन जारी रहने की भी पोल खोली है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पूरे प्रदेश में त्योहारों के कारण पटाखों का अवैध भंडारण और उनका असुरक्षित परिवहन एक बड़ी समस्या बन गया है। इससे पहले कानपुर में पटाखों में विस्फोट से दो स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई थीं और कई लोग घायल हुए थे। कुछ दिन पहले ही गोरखपुर की एक कॉलोनी में पटाखे की चिंगारी से आग लगने के कारण दो कारें जलकर खाक हो गई थीं। दमकल विभाग की मुस्तैदी से कार का सीएनजी टैंक फटने से बच गया था।