UP Encounter: उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार की देर रात एक किसान को पेट में गोली मार दी गई। इस वारदात के आठ घंटे के अंदर पुलिस का आरोपी से एनकाउंटर हो गया। शनिवार की सुबह पुलिस की गोली लगने के बाद आरोपी जमीन पर गिरा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे भौना फार्म निवासी जैस मोहम्मद पुत्र रियाज अहमद उर्फ बडला ने आपसी विवाद के दौरान गुरनाम सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी भौना फार्म पर तमंचे से फायर कर दिया था। गोली गुरनाम के पेट के ऊपर लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। इस मामले में थाना बहेड़ी में आरोपी जैश मोहम्मद के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था।
ऐसे हुआ एनकाउंटर
शनिवार सुबह लगभग 6:15 बजे बहेड़ी पुलिस चौकी सिरसा क्षेत्र में नौला फार्म के पास चेकिंग कर रही थी। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से पुलिस को देखकर भागने लगा। जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान जैश मोहम्मद पुत्र रियाज अहमद उर्फ बडला निवासी भौना फार्म, थाना बहेड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी वही व्यक्ति है, जिसने एक दिन पहले गुरनाम सिंह पर गोली चलाई थी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।