लखनऊ: यूपी के 23 जिलों में रविवार को बारिश होने, बिजली गिरने और आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश के साथ बिजली गिरने का अनुमान लगाया गया है. इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति/घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. मौसम विभाग ने बताया कि 7 अक्टूबर से प्रदेश का मौसम साफ होगा. पिछले 24 घंटे की बारिश ने वाराणसी में 136 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
BHU मौसम विभाग स्टेशन के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी में 187 मिलीमीटर बारिश हुई. स्टेशन रिकॉर्ड में 1889 से लेकर अब तक अक्टूबर महीने के किसी एक दिन में यह सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड है. इतना ही इस बार की बारिश ने 09 अक्टूबर 1900 को हुई 138.9 मिलीमीटर बारिश के पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है.
पश्चिमी यूपी में भारी बारिश, ओले भी गिरेंगे: मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी झारखंड, दक्षिणी बिहार, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ में साथ ही पश्चिमी यूपी में भारी बारिश हो सकती है. साथ ही ओला पड़ने की भी संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं. साथ ही 6 अक्टूबर को कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ भारी वर्षा की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि रविवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी. साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं भी चलेंगी. उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों मूसलाधार बारिश हुई. धीरे-धीर अब इसका असर कम होता जाएगा और 7 अगस्त से प्रदेश में खिली धूप देखने को मिल सकती है.
पिछले 24 घंटे का मौसम: मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से के सभी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं, पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. पूर्वी यूपी में तो कई जगहों पर तेज हवाएं चलीं और बादल गरजते रहे. दिन में ज्यादातर जगहों पर बादल घिरे रहे और धूप नहीं निकली. हालांकि रविवार सुबह से पूर्वी यूपी का भी मौसम साफ है.
रिकॉर्ड बारिश दर्ज: पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमान बारिश 3.1 मिमी की जगह 23.01 मिमी रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 645% अधिक है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमान बारिश 1.5 मिमी की जगह 1 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो कि सामान्य से 30% कम है. 1 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक अनुमान बारिश 6.4 मिलीमीटर की जगह 28.6 मिमी रिकॉर्ड की गई, जो कि सामान्य से 346% अधिक है.