गाजियाबाद। नोएडा, गाजियाबाद सहित प्रदेश भर में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 मई से आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है।
बारिश से तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इस दौरान 29 मई से गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। साथ ही विभाग ने गाजियाबाद, हापुड़ और नोएडा सहित प्रदेश के कई जिलों में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
किन जिलों में आ सकती है आंधी?
बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी एवं आस पास के क्षेत्र।
इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्र में 28 से 29 मई की बीच ओलावृष्टि की संभावना है।
गर्मी और लू से राहत के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिन में गाजियाबाद सहित प्रदेश भर में आंधी और बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि अभी दो दिन और ऐसे ही तेज धूप व लू में गर्मी की मार झेलनी पड़ सकती है।
उल्लेखनीय है कि सुबह होते ही एक ओर चिलचिलाती धूप तपाने लगती है तो वहीं सड़कों और बाजारों में गर्मी से बचाव के दौरान कई लोगों के कई रंग देखने को मिलने शुरू हो जाते हैं। मंगलवार को दोपहर होते होते जैसे जैसे गर्मी बढ़ी और लू के थपेड़े सताने लगे वैसे ही कोई शीतल पेय पदार्थों से अपनी प्यास बुझाता तो कोई कपड़ों से खुद को ढक कर धूप से बचाव का प्रयास करते हुए नजर आया।
सूरज के नहीं कम हो रहे तेवर, लोगों के छूट रहे पसीने
मंगलवार को गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवा करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 18 प्रतिशत के आसपास दर्ज की गई।
शहर में गर्मी में एसी से बाहर नहीं निकल पाने वालों की बड़ी संख्या है तो वहीं गर्मी को दरकिनार कर अपना कर्तव्य को पूरा करने के लिए अडिग खड़े रहने वालों की भी कमी नहीं है।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिनभर तपती सड़क पर तेज धूप में खड़े होकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करते हैं। ऐसी गर्मी में दिनभर तेज धूप में खड़े होना आजकल उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। गर्मी में निर्माण कार्यों में लगे कामगार व अन्य लोग मेहनत मजदूरी करने वाले लोग अपने काम में लगे हुए दिखे।
हीट वेव से बचाव के उपाय को नोडल अधिकारी नामित
शासन के निर्देश पर हीट वेव से बचाव के लिए जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी नामित कर सभी विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। सीएमओ को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है, तहसील स्तर पर सभी एसडीएम और नगर निकायों में उनके प्रभारी नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा हीट वेव के संबंध में अलर्ट जारी किया जाएगा। अस्पतालों और हेल्थ सेंटर्स पर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, मंदिरों, लोक भवन व मॉल में कूलिंग सेंटर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुओं को लू से बचाव के लिए गोशालाओं में उचित इंतजाम किए जाएंगे। गर्मी के मद्देनजर विद्यार्थियों द्वारा आउटडोर शारीरिक क्रियाकलापों को न करने के लिए कहा गया है। सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करना सुनिश्चित किया जाएगा।