यूपी में निवेशकों के 14 करोड़ हड़पने वाली महिला अधिकारी गिरफ्तार

लखनऊ। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने निवेशकों के 14 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप में पियर्स एलाइड कारपोरेशन लिमिटेड कंपनी की अतिरिक्त निदेशक मंजू दूबे उर्फ मंजू उपाध्याय को गिरफ्तार किया है।

इस संदर्भ में निवेशकों की शिकायत पर लखनऊ के आलमबाग थाने में वर्ष 2017 में मुकदमा दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर मामले की जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी गई थी।

जांच में यह बात सामने आई है कि दिल्ली व हरियाणा में पंजीकृत कंपनी के निदेशकों ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) में पंजीकरण के बिना ही कंपनी के सीएमडी दुर्गा प्रसाद दूबे ने अन्य निदेशकों के साथ मिलकर बिजनौर सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बैंकिंग कार्यालय खोले थे।

कंपनी के निदेशकों ने निवेशकों को आरडी व एफडी योजना में निवेश पर बड़ा लाभ देने का लालच देकर 14 करोड़ रुपये निवेश कराए थे। कुछ समय बाद कंपनी के निदेशक, निवेशकों को कूटरचित बांड देकर फरार हो गए थे।

निवेशकों को जब यह बात पता चली कि उन्हें दिए गए बांड व अन्य दस्तावेज कूटरचित हैं तो आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। ईओडब्ल्यू की जांच में कुल 13 अभियुक्त दोषी पाए गए थे।

इनमें से छह आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के क्रम में मंजू दुबे लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। मंजू ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कानपुर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र का पता दिया था, जबकि उनका स्थायी निवास ग्राम डोल छपरा, देवरिया है।