देहरादून: उत्तराखंड में मानसून लगातार आफत बनकर बरस रहा है. बारिश, भूस्खलन और सड़कें बंद होने से जनजीवन प्रभावित है. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में 76 सड़कें बंद हैं, जबकि 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 27 लोगों की मौत हो चुकी है. रिपोर्ट के अनुसार 29 लोग घायल हुए हैं और कई जिलों में मकानों व पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है.
एसईओसी की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग (BRO) सहित कुल 76 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं. इनमें 12 पीडब्ल्यूडी और 63 पीएमजीएसवाई/ग्रामीण सड़कें शामिल हैं. सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर और चमोली शामिल हैं, जहां सड़कें खोलने का काम लगातार जारी है.
प्राकृतिक आपदाओं में 27 मौतें
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रदेश में 27 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार 209 मकान आंशिक रूप से और 11 मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं. तीन मकान पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं. इसके अलावा पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है.
देहरादून में जीरो प्वाइंट के पास हादसा
रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून में गुरुवार दोपहर जीरो प्वाइंट के पास एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया. एसडीआरएफ और फायर टीम ने उसे रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया. जिले में 11 ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है. वहीं, चमोली जिले में नेपालपानी और पागलनाला के पास मलबा आने से बाधित ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-7) को सुबह 7:41 बजे यातायात के लिए खोल दिया गया. हालांकि जिले में अभी भी सात ग्रामीण सड़कें बंद हैं.
नैनीताल में टैक्सी खाई में गिरी, सात घायल
नैनीताल जिले के ज्योलीकोट के पास एक टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया. दुर्घटना में वाहन में सवार सातों लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. रिपोर्ट के मुताबिक गंगा, अलकनंदा, मंदाकिनी, सरयू, गोमती, शारदा और भागीरथी समेत प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है. हालांकि लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
चारधाम यात्रा जारी, लेकिन मौतों का आंकड़ा 210 पहुंचा
चारधाम यात्रा जारी है, लेकिन यात्रा के दौरान अब तक 210 श्रद्धालुओं की मौत दर्ज की गई है. इनमें 207 मौतें स्वास्थ्य संबंधी कारणों से और 3 मौतें प्राकृतिक आपदा के कारण हुई हैं. दूसरी ओर यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है.
पांच दिन के लिए मौसम का अलर्ट
एसईओसी ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के बुलेटिन का हवाला देते हुए बताया है कि उत्तराखंड के लिए अगले पांच दिनों का जिला स्तरीय मौसम अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं.