नीति आयोग रिपोर्ट में उत्तराखंड का डंका, विकास में भाजपा की धामी सरकार ने भरी रफ्तार

भाजपा ने नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट में उत्तराखंड के बेहतर प्रदर्शन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य की उपलब्धि बताया है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि नया राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड पहाड़ी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में शीर्ष स्थान पर और राष्ट्रीय स्तर पर 11वें स्थान पर पहुंचा है, जो प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।

श्रम बल भागीदारी दर राष्ट्रीय औसत से करीब 25 प्रतिशत अधिक
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार राज्य की श्रम बल भागीदारी दर राष्ट्रीय औसत से करीब 25 प्रतिशत अधिक है। उत्पादन इकाइयों को अधिक ऋण, बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और युवाओं द्वारा राष्ट्रीय औसत से अधिक पेटेंट दर्ज कराना विकास और नवाचार का संकेत है।

उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो प्रणाली की प्रभावशीलता और साइबर अपराध की कम दर भी उत्तराखंड की बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट विकसित उत्तराखंड की दिशा में राज्य की तेज प्रगति का प्रमाण है।