कुल्लू में भारी बारिश का कहर, आई बाढ़, घरों में घुसा मलबा

इस खबर को शेयर करें

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बारिश का कहर जारी है। सैंज घाटी की भलाहण-दो पंचायत के जौली नाले में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई। बाढ़ का मलबा कई घरों में घुस गया। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे अचानक पानी आने की आवाज सुनकर लोगों की नींद खुली। बारिश के बीच लोग अपने परिवार को साथ लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। गनीमत यह रही कि नाले ने अपना रुख गांव की ओर नहीं किया। बावजूद बाढ़ का मलबा कई घरों में घुस गया। बाढ़ से खेती को भारी नुकसान हुआ है। टमाटर, मक्की और राजमा की फसल तबाह हो गई है। सुबह के समय नाले में अचानक जलस्तर बढ़ जाने से लोगों में अफरातफरी मच गई। पंचायत के जीवन लाल, नरसिंह, देव शर्मा, ठाकुर दास नेगी और गणेश शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह तड़के लगभग तीन बजे अचानक जौली नाले में बाढ़ आ गई।

जिसका पानी राक्षी नाले में भी आ गया। उन्होंने बताया कि नाले में पानी के साथ मलबा भी आया, जो लोगों के घरों में घुस गया। इससे काफी नुकसान हुआ है। जौली नाले के साथ लगते पुरषोतम के खेत भी बह गए।

इस मामले में जानी नुकसान कोई नहीं है। लोगों के घरों में पानी घुसा है और कुछ अन्य नुकसान होने की भी जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करने के बाद प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि सैंज के भलाहण-दो के जौली में भारी बारिश से बाढ़ आ गई। उन्होंने कहा कि यह सब भारी बारिश से हुआ है, लेकिन किसी तरह के जानी नुकसान नहीं हुआ।