मध्यप्रदेश में 13 मई के बाद गिरेगा तापमान, दोपहर में नहीं घूमने की सलाह, देखें प्री मानसून पर ताजा अपडेट

इस खबर को शेयर करें

भोपाल: तपन से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। 13 मई के बाद मध्यप्रदेश में कहीं भी लू चलने के आसार नहीं हैं। 11, 12 और 13 मई को आधे मध्यप्रदेश में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन 14 मई से तापमान में लगातार गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। यह स्थिति 24 मई तक रहेगी। हालांकि, इसके बाद कुछ दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

केरल में मानसून के दस्तक देते ही मध्य भारत में प्री मानसून बारिश शुरू हो जाएगी। तूफान असानी जब ओडिशा तट पर पहुंच जाएगा तो इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी आना शुरू होगी। साथ ही एक और पश्चिमी विक्षोभ 12 मई तक सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से भी नमी आएगी। ऐसे में प्रदेश में बादलों का डेरा रहेगा और तापमान में गिरावट आएगी। तब दिन का तापमान अधिकतर शहरों में 42 डिग्री के आसपास आ जाएगा।

इधर, तपती गर्मी के बीच उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के तारा बाघिन, बाघ और शावक एक साथ आराम फरमाते नजर आए। टाइगर फैमिली को देखकर कर सफारी में आए पर्यटक उत्साहित हो गए। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली जोन में गए पर्यटकों को बाघ, बाघिन, शावक पूरे परिवार के साथ दिखे। इसके बाद पर्यटकों ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया। अब यह वीडियो वायरल हो रहा है।

दरअसल, खितौली जोन के वन तलैया मे बाघिन तारा, शावक और बाघ छोटा भीम सहित पांच बाघ दिखे। बांधवगढ़ के अधिकारियों का कहना है कि इन शावकों की उम्र लगभग डेढ़ साल है। 2.5 साल के होने के बाद ये शावक बाघिन मां से अलग हो जाएंगे और अपनी नई टेरिटरी बनाएंगे। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक बीएस अन्नगेरी ने बताया कि वीडियो फैक्ट है। बाघ और शावकों को सुरक्षा की कोई जरूरत नहीं है। शावक बड़े हैं, पर्यटकों से नहीं डरते। ये शावक कुछ महीनों में मां से अलग हो जाएंगे।

कल तक आधे प्रदेश में लू का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि 9, 10 और 11 मई तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लू चलेगी। मंगलवार से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन डिवीजन में कहीं-कहीं पारा 44 के पार जा सकता है। इन इलाकों में लू का प्रकोप बढ़ेगा। अगले तीन दिन तक ग्वालियर-चंबल, नर्मदापुरम, रतलाम, धार, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, रायसेन, छतरपुर, सागर, टीकमगढ़, दमोह, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली में तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है। नॉर्थ एमपी में ऊपर की तरफ एक हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। नॉर्थ-वेस्ट एमपी में ट्रफ लाइन बनी हुई है। आने वाले दो से तीन दिन ज्यादा गर्मी वाले रहेंगे।

चार महानगरों में भोपाल सबसे हॉट
प्रदेश के चार महानगरों की बात की जाए, तो भोपाल सबसे हॉट हो गया है। भोपाल में सोमवार को पारा 42.9 डिग्री तक पहुंच गया। मंगलवार को इसके 44 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। इंदौर में भी पारा 42.8 डिग्री पर आ गया। ग्वालियर में 42.4 और जबलपुर में अधिकतम तापमान सबसे कम 42.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मध्यप्रदेश में रतलाम सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे गर्म दिन रतलाम में रहा। यहां पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। दो दिन के अंदर यह 47 डिग्री तक भी जा सकता है। यहां घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि रीवा में यह 39.6 डिग्री रहा। इसके अलावा प्रदेश भर में पारा 40 डिग्री के ऊपर चला गया है।

2017 और 19 में रतलाम में पहुंचा था 44 डिग्री पारा
रतलाम जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से अधिक इससे पूर्व वर्ष 2017 और 19 में रहा है लेकिन इस वर्ष अप्रैल और मई माह में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है । अप्रैल और मई माह में चार बार तापमान 44 डिग्री से अधिक पहुंचा है। वहीं ,आज अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 46 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में भीषण गर्मी का असर बना रह सकता है। हालांकि इस हफ्ते के अंत तक बादल छाने की वजह से गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है।

रात को कुछ राहत
बादल पूरी तरह हटने से रात अभी भी ज्यादा गर्म नहीं होगी। प्रदेश में रात को न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री से नीचे बने रहने की संभावना है। कुछ इलाकों को छोड़ दिया जाए, तो अधिकांश इलाकों में अभी भी यह 27 डिग्री के नीचे ही बन हुआ है।