राजस्थान में घटेगी गुलाबी सर्दी की रफ्तार, अब दिन में चुभेगी धूप की तपिश

जयपुर। राजस्थान में अक्टूबर की शुरुआत में महसूस होने लगी ‘गुलाबी सर्दी’ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में राज्य में सुबह-शाम की ठंडक कम होगी और दिन के तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं, वहीं पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। दीपावली तक आसमान साफ रहने और दिन में धूप की तपिश बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक किसी भी तरह की वेदर एक्टिविटी नहीं होगी। इसके चलते राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा—दिन के तापमान में बढ़ोतरी तो होगी ही, लेकिन रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के सभी हिस्सों में आसमान साफ रहा। दिन में धूप तेज रही और सुबह-शाम हल्की ठंडी हवाएं चलीं। कई शहरों में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, कल बाड़मेर में दिन का सबसे अधिक तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जैसलमेर में 35.5, गंगानगर में 34.3, बीकानेर में 33.6, जोधपुर में 33.8, चूरू में 33.1, जालोर में 33.9, पिलानी में 33.6, हनुमानगढ़ में 33.2, दौसा में 32.1, नागौर में 32.3, जयपुर में 32, चित्तौड़गढ़ में 32.8, अजमेर में 31.1, भीलवाड़ा में 31.7, कोटा में 31.7, सीकर में 31, सिरोही में 31.8 और उदयपुर में 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर जिलों में तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि जयपुर, अजमेर और कोटा संभागों में दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहेगा।

राजस्थान में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कुछ जिलों में रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं।

अजमेर में कल रात न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भीलवाड़ा में 16.8, वनस्थली और पिलानी में 16.2-16.2, नागौर में 15.9, जालोर में 16.5 और जोधपुर में 18 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं, जयपुर में न्यूनतम तापमान 20.6, अलवर में 19.5, उदयपुर में 17.2, चूरू में 18.3, करौली में 20 और हनुमानगढ़ में 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

सबसे ठंडी रात सीकर में रही, जहां तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट या बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंड का असर फिलहाल ज्यादा नहीं बढ़ेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि दीपावली तक पूरे राजस्थान में कोई बड़ा मौसमी बदलाव नहीं होगा। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है और हवाएं भी सामान्य रहेंगी। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं चलने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

राजस्थान में अक्टूबर के अंत तक आमतौर पर ‘गुलाबी सर्दी’ का अहसास बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार उत्तरी हवाओं की कमजोरी के चलते सर्दी फिलहाल पीछे खिसक गई है।

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि नवंबर के पहले हफ्ते से राज्य के उत्तरी और पूर्वी इलाकों—सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में रात का तापमान 12-14 डिग्री तक गिर सकता है। उसके बाद धीरे-धीरे सर्दी पूरे राज्य में अपने पैर पसारेगी।