महागठबंधन में गांठ खोलने कांग्रेस ने अपने ‘चाणक्य’ को भेजा, तेजस्वी यादव ने दिखाया अपना स्वैग

Congress sends its 'Chanakya' to unravel the Mahagathbandhan (grand alliance), Tejashwi Yadav shows off his swag
Congress sends its 'Chanakya' to unravel the Mahagathbandhan (grand alliance), Tejashwi Yadav shows off his swag

Mahagathbandhan Congress RJD Press Conference: महागठबंधन के भीतर क्या चल रहा है, अब इस सवाल का जवाब 23 अक्टूबर को मिलेगा. इधर सहयोगी दलों की अपनी-अपनी हलचल तेज हो गई है. तेजस्वी यादव ने मुस्कुराते हुए स्वैग दिखाया तो कांग्रेस हाईकमान ने अपने चाणक्य को पटना में बिठा दिया है. बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है.

NDA के नेता कह रहे हैं कि बिहार में महागठबंधन में सिर फुटव्वल हो रहा है. कई सीटों पर वे आमने सामने लड़ रहे हैं. जो सीटों का बंटवारा नहीं कर सका, वो सरकार क्या चलाएगा… ये सवाल सीधे तौर पर कांग्रेस और आरजेडी के गठजोड़ पर है. कुछ हद तक कन्फ्यूजन की स्थिति बनी हुई है. महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करने आज जब तेजस्वी यादव मीडिया के सामने आए तो ये सवाल भी उठा. क्या महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर विवाद चल रहा है? तेजस्वी ने चेहरे पर कॉन्फिडेंस वाली स्माइल लेकर अलग ही स्वैग दिखाया. हाथ से इशारा देकर आरजेडी नेता ने कहा कि कल (23 अक्तूबर) बात करेंगे. कल आपको सब जवाब मिल जाएगा. इधर कांग्रेस ने देर से ही सही महागठबंधन में 3-13 की गांठ खोलने के लिए अपने ‘चाणक्य’ को तैनात किया है.

हां, कांग्रेस ने दिल्ली से अपने सियासी ‘जादूगर’ अशोक गहलोत को पटना भेजा है. बिहार की राजधानी उतरते ही पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा कि बिहार में महागठबंधन 243 सीटों पर फोकस कर रहा है. इतने बड़े महागठबंधन में 5-10 सीटों पर पेंच फंसना कोई बड़ी बात नहीं. बिहार के भविष्य के लिए महागठबंधन एकजुट है. थोड़ी देर बाद लालू यादव के सामने तेजस्वी और गहलोत की बैठक भी हुई.

4-5 सीटों पर फ्रेंडली, गहलोत बोले- मिलकर कैंपेन होगा

दोपहर में वह तेजस्वी से उनके आवास पर मिलने पहुंचे. कुल 13 ऐसी सीटें हैं जिसको लेकर आरजेडी और बाकी सहयोगी दलों में पेंच फंसा हुआ है. तेजस्वी यादव के साथ कांग्रेस का रिश्ता मजबूत करने के लिए अशोक गहलोत सीधे लालू यादव से मिलने गए. वहां तेजस्वी भी मौजूद थे.इस मुलाकात के बाद गहलोत ने मीडिया से कहा कि महागठबंधन में कोई झगड़ा नहीं है. सब मिलकर कैंपेन करेंगे और जीत कर आएंगे.

आरजेडी और कांग्रेस की फ्रेंडली फाइट पर जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर आपस में मसला है. आज सुलझाने की कोशिश हुई है. 4 से 5 सीटों पर फ्रेंडली फाइट हो सकती है कोई समस्या नहीं. कल एकसाथ प्रेस कांफ्रेंस कर सब बातें बताई जाएंगी. हम सभी मिलकर प्रचार करेंगे और जीतेंगे. गहलोत की कोशिश होगी कि फ्रेंडली फाइट कम से कम हो क्योंकि दोस्ताना मुकाबले से कांग्रेस को नुकसान का डर है. ऐसी स्थिति में कांग्रेस के वोटर आरजेडी को वोट दे आते हैं.

उधर पप्पू यादव ने संन्यास की बात कर दी

कांग्रेस समर्थित पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने अपने बयान से अलग ही खलबली पैदा कर दी है. उन्होंने कहा है कि बिहार की पार्टियों की हालत देखकर अब प्रदेश की राजनीति करने का मन ही नहीं करता है. अब लगता है कि राजनीति को छोड़ दूं. उन्होंने महागठबंधन को लेकर यह भी कहा कि कल संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. नेतृत्व तय करेगा क्या करना है, क्या नहीं करना है.