दो मासूमों को गोद में लेकर 25 फीट गहरे गड्ढे में कूदी मां, पति के टॉर्चर से थी परेशान, तीनों की गई जान

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक पत्नी अपने पति के टॉर्चर से परेशान होकर अपनी दो बेटियों को गोद में लिया और 25 फीट गहरे गड्ढे में कूद गई। इस घटना में पत्नी के अलावा दोनों बेटियों की जान चली गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान टुनु रवानी की 30 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी, 4 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी और 3 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। तीनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना को लेकर क्या बोले परिजन
परिजनों के मुताबिक शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। पति मजदूरी करता था। दोनों में विवाद होते रहता था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बने पानी से भरे गड्ढे में महिला और उसकी दोनों बेटियों के डूबने की सूचना दी। बताया जा रहा है कि महिला देर रात घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित गहरे गड्ढे के पास पहुंची और दोनों बच्चियों के साथ उसमें छलांग लगा दी।

घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं था पति
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला को पति द्वारा अक्सर प्रताड़ित किया जाता था, जिसके कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिंह, कासमा थानाध्यक्ष अक्षवर सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

प्रशासन से गड्ढा भरवाने की मांग
विधायक ने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज निर्माण के दौरान धावा नदी के किनारे बड़े पैमाने पर खुदाई की गई थी, जिसे बाद में नहीं भरा गया। बरसात और अन्य कारणों से गड्ढे में 20 से 25 फीट तक पानी जमा है। प्रशासन से गड्ढे को तत्काल भरवाने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अंचल अधिकारी भारतेंदु सिंह ने कहा कि गड्ढे को भरवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।