प्यार-मोहब्बत और धोखेबाजी-ब्रेकअप के किस्से अक्सर देखने और सुनने को मिल जाते हैं. लेकिन चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के झांजियांग शहर से एक ऐसी चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनने के बाद प्यार से भरोसा उठ जाएगा. यहां एक 17 साल की लड़की ने पहले 19 साल के लड़के को अपने प्रेमजाल में फंसाया, फिर चंद पैसों की खातिर उसे ‘गुलाम’ बनाने के लिए बेच दिया. बेचारे लड़के को अपनी प्रेमिका के धोखे के बाद म्यांमार में चार महीने की कैद और यातना झेलनी पड़ी. चीनी मीडिया के अनुसार, यह युवक अपनी प्रेमिका के जाल में फंस गया, जो उसे नौकरी के झूठे वादों के साथ विदेश लेकर गई और वहां पर गुलामी कराने वालों को बेच दिया, वो भी 11 लाख 69 हजार रुपए में. इस मामले को पढ़ने के बाद आप भी कहेंगे कि बाप रे, ये तो प्रेमिका तो गजब की चालबाज निकली.
युवक की बहन के अनुसार, दोनों की मुलाकात एक स्थानीय पूल हॉल में हुई थी, जहां 17 साल की लड़की आकर्षक कपड़ों और नकली डिजाइनर हैंडबैग्स के साथ अमीरी का दिखावा करती थी. युवक उसे देखते ही उसके जाल में फंस गया. फिर लड़की ने अपने फर्जी बिजनेस के बारे में बताना शुरू किया और उसे म्यांमार में अच्छी नौकरी दिलाने का वादा किया. लड़का उस लड़की के प्रेमजाल में फंस चुका था. ऐसे में परिवार के विरोध के बावजूद वह फरवरी में उसके साथ थाईलैंड चला गया. थाईलैंड-म्यांमार सीमा के पास लड़की ने बहाना बनाया कि उसे किसी को लेने जाना है और अपने प्रेमी को अकेला छोड़कर चली गई. इसके तुरंत बाद हथियारबंद लोगों ने युवक को पकड़ लिया, उसके दस्तावेज और मोबाइल फोन छीन लिया और उसे एक सीक्रेट कैम्प में ले गए.
युवक की बहन ने बताया कि मेरे भाई ने मुझे मैसेज किया कि बंदूकधारियों ने उसे पकड़ लिया है, लेकिन इसके बाद उसका फोन छीन लिया गया. कैम्प में युवक का सिर मुंडवाया गया और उसे रोजाना 16-20 घंटे कंप्यूटर पर बैठाकर अपने ही देशवासियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के लिए मजबूर किया गया. इतना ही नहीं, उसे लोहे के रॉड से पीटा जाता. इन यातनाओं के कारण उसका वजन 10 किलोग्राम से अधिक कम हो गया और बार-बार मारपीट के कारण उसे कम सुनाई देने लगा. बाद में जब उन लोगों को लगा कि ये लड़का किसी काम का नहीं है, तो किडनैपर्स ने उसके परिवार वालों से 43 लाख रुपए की फिरौती मांगी. ऐसे में परिवार के लोगों ने किसी तरह पैसा इकट्ठा किया और जून 2025 में उसकी रिहाई कराई. हालांकि, रिहाई के बाद भी युवक डर और चिंता में जी रहा है. उसे अपने चार महीने की कैद के बुरे दौर याद आते हैं. उधर, धोखेबाज प्रेमिका थाईलैंड में 10 दिन की छुट्टियां मनाने के बाद चीन लौटी, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया.