मुजफ्फरनगर : गांधी कॉलोनी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. मामले में थाना नई मंडी पुलिस ने एक युवती और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है. चोरी की साजिश खुद पीड़ित की भांजी ने रची और अपने मुस्लिम साथी के साथ मिलकर मामा के घर चोरी की.
12 दिसंबर को गांधी कॉलोनी में रहने वाले विकास ढींगरा ने थाना नई मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने के आभूषण और नकदी चोरी हो गई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, चोरी की योजना किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि घर की ही भांजी मान्या मुखेजा ने बनाई थी. मान्या अक्सर अपने मामा के घर आती जाती रहती थी.
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया, मान्या मुखेजा ने अपने मामा के घर में रखे जेवरात, कमरों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी अपने साथी दानिश हसन को दी और उसने घर के मुख्य गेट का रिमोट भी चोरी से दोस्त को सौंप दिया, ताकि वह बिना किसी को शक हुए घर में घुस सके.
11 दिसंबर को विकास ढींगरा अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे. इसी दौरान मान्या के इशारे पर दानिश मौके पर पहुंचा और पहले घंटी बजाकर यह सुनिश्चित किया कि घर में कोई मौजूद तो नहीं है. इसके बाद रिमोट से गेट खोलकर घर में अंदर घुसा.
अलमारी व अन्य स्थानों से सोने के आभूषण चुरा लिए. चोरी किए गए सोने में से कुछ जेवरात लगभग 3.34 लाख रुपये में बेच दिए. जिससे मोबाइल फोन, घड़ी खरीदी और कर्ज चुकाया.
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया, सोमवार (22 दिसंबर) को मुखबिर की सूचना पर पचेंडा रोड स्थित भगवती प्रॉपर्टी कार्यालय के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों के पास से बचा जेवरात बरामद किया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.