देहरादून: नए साल पर उत्तराखंड में पुलिस जवानों को प्रमोशन का तोहफा मिला है. 229 मुख्य आरक्षी को अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है. इसके 25 महिला कर्मी भी शामिल हैं. साल 2025 में मुख्य आरक्षी से लेकर इंस्पेक्टर पद पर 958 पदोन्नतियां हुई हैं. साथ ही डिप्टी एसपी और एडिशनल एसपी पद पर भी साल में 102 पदोन्नतियां हुई हैं.
उत्तराखंड पुलिस के जवानों के लिए नया साल 2025 पदोन्नति की सौगात लेकर आया है. पुलिस मुख्यालय ने नववर्ष के मौके पर जवानों को बड़ा तोहफा देते हुए नागरिक पुलिस के 229 मुख्य आरक्षियों (Head Constables) को अपर उपनिरीक्षक (Additional Sub-Inspector) के पद पर पदोन्नत किया है. इनमें 25 महिला मुख्य आरक्षी भी शामिल हैं.
पुलिस मुख्यालय की तरफ से मानें तो उत्तराखंड पुलिस विभाग के लिए साल 2025 पदोन्नतियों के दृष्टिकोण से एक रिकॉर्ड वर्ष साबित हुआ है. इस साल विभाग में अलग-अलग रैंकों और संवर्गों में कुल 1060 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है. यह पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
अलग-अलग संवर्गों में प्रमुख पदोन्नतियां
निरीक्षक-150
उपनिरीक्षक- 92
अपर/सहायक उप निरीक्षक- 385
मुख्य आरक्षी- 331
अपर पुलिस अधीक्षक विशेष श्रेणी- 05
अपर पुलिस अधीक्षक श्रेणी 01- 10
अपर पुलिस अधीक्षक श्रेणी 02- 28
पुलिस उपाधीक्षक, ज्येष्ठ वेतनमान- 18
पुलिस उपाधीक्षक, कनिष्ठ वेतनमान- 33
अपर पुलिस अधीक्षक दूरसंचार श्रेणी 02- 02
पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस दूरसंचार- 03
मुख्य अग्निशमन अधिकारी- 03
डीजीपी दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. उन्होंने कहा कि समय पर पदोन्नति मिलने से न केवल जवानों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि वे दोगुने उत्साह और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होते हैं. पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत समयबद्ध पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.