IMD Monsoon Alert 8 September 2025 in Hindi: आमतौर पर मॉनसून हर साल सितंबर आते-आते शांत होने लगता था लेकिन इस बार सितंबर भी सैलाबी नजर आ रहा है. ये हैरान इसलिए करता है क्योंकि सितंबर का महीना आसमान से इतना सितम बरसाने वाला कभी नहीं होता. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार मॉनसून ओवर एक्टिव है, जिसके चलते ऐसी तबाही आ रही है कि लोगों को उबरने का वक्त ही नहीं मिल रहा. ऊंचाई वाले इलाकों में पहाड़ दरक रहे हैं. मैदानों में घर डूब रहे हैं. गाड़ियां जगह जगह फंसी हैं, जिसमें फंसे लोगों को समझ नहीं आ रहा कि क्या करें. उन्हें निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू चल रहा है. गुजरात से राजस्थान, हरियाणा से पंजाब और दिल्ली से एमपी तक मॉनसून इस बार बेरहम वार कर रहा है. पहले हम विभिन्न राज्यों के मौसम के हालात बताते हैं और उसके 8 सितंबर के मॉनसून अलर्ट के बारे में बताएंगे.
पंजाब में अगले 2 दिनों में मिलेगी राहत
रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब लगातार बाढ़ से जूझ रहा है. फाजिल्का में बाढ़ का पानी अब भी भरा है, जिससे लोगों को बीमारियों का खतरा सता रहा है. राज्य के खिजरपुर में बांध टूटने के कगार पर है. पिछले 33 दिनों से 15 गांवों के लोग बांध बचाने की कोशिश कर रहे हैं. 5 हज़ार एकड़ फसल और कई गांव खतरे में हैं. लोगों की ज़िंदगी पंजाब में वापस पटरी पर कब लौटेगी और स्थिति सामान्य होने में कितना समय लगेगा. इस पर बड़ा अपडेट सामने आया है. पता चला है कि आने वाले 2 दिनों में हालात धीरे धीरे ही सही बेहतर होते दिखेंगे. पंजाब में 9 सितंबर से फिर से स्कूल खुलने वाले हैं.
गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश से हाल बेहाल हो गया है. भावनगर में एक कार उफनते सैलाब में बह गई. जिसके बाद स्थानीय लोग रस्सी के सहारे एक दूसरे को बांध कर नदी के तेज बहाव में उतर गए और कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार दो लोगों सुरक्षित बाहर निकाला. गांव वालों ने ही JCB बुलाकर सैलाब में फंसी कार को भी बाहर निकाला.
राज्य के अरावली में भारी बारिश से बांध उफान पर हैं. बांध से छोड़े गए पानी की वजह से आसपास के इलाकों में बाढ़ आ गई है. भावनगर में नदी नालों में आए उफान में कई जिंदगियां मुश्किलों का सामना कर रही है.
उत्तरकाशी में फिर फटा बादल
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है. नौगांव इलाके में रविवार को बादल फटने से भारी तबाही दिख रही है. कई मकान और गाड़ियां मलबे में दब गईं. बाजार में तेज बहाव में सैलाब बहता दिखा. स्थानीय लोग किसी तरह से अपनी जान बचाकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचे. बादल फटने की घटना के बाद प्रशासन की तरफ से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
लद्दाख में भी बादलों की दहाड़ से हाहाकार मचा हुआ है. कारगिल के ज़ोजिला में कई जगहों पर भूस्खलन से भयंकर तबाही मची हुई है. जोजिला के पनिमाथा और बजरी नाले में हुए भूस्खलन से सैलाबी मलबा उफान पर है. भारी बारिश के बीच हुए इस भूस्खलन के बाद श्रीनगर-लेह राजमार्ग को गाड़ियों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया. ट्रैफिक अधिकारियों ने तुरंत सोनमर्ग चेकपॉइंट पर गाड़ियों को रोक दिया, ताकि वे प्रभावित इलाके की तरफ न जा सकें. हालाकि इस बीच कई गाड़ियां रास्तों पर फंस गई है,, जिन्हें मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम रेस्क्यू करने में जुटी है.
राजस्थान के जालौर में सड़कें बन गई नदियां
राजस्थान के जालौर में भारी बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा रखी हैं. मूसलधार बारिश ने जनजीवन को हिलाकर रख दिया है. जालोर जवाई बांध के 9 गेट खोले गए. जालोर में नदी-नाले उफान पर हैं. आहोर से जालौर का संपर्क टूट गया है, जिससे रास्ते बंद हैं. मूसलाधार आफत ऐसी हो रही है कि रिहायशी इलाके समंदर बन गए हैं. सड़कें पानी से भरी हुई है और दुकानों पर भी पानी का कब्जा है.
दिल्ली में यमुना के रौद्र रूप ने डराया
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यमुना नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. जिससे दिल्ली के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. मयूर विहार इलाके में नदी किनारे रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है. तिमारपुर के संगम विहार, वजीराबाद, नेहरू विहार समेत कई इलाके जलमग्न हैं. लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. यमुना ने सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि नोएडा औरग्रेटर नोएडा में मुश्किलें खड़ी की हैं. ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 के निचले इलाकों में अभी भी बाढ़ के हालात हैं. बाढ़ की वजह से किसानों की हजारों बीघा फसलें बर्बाद हो चुकी हैं.
हरियाणा के बहादुरगढ़ में जलभराव से राहत दिलाने के लिए NDRF के साथ अब सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है. नौबत ये है कि करीब 5 हजार की आबादी 2 से 3 फीट तक बरसाती और नालों के गंदे पानी से घिरी है. लोग घरों में कैद हैं. काम-धंधे पर भी नहीं जा पा रहे. स्कूलों में छुट्टी है. गलियां पानी से डूबी हैं. लोग जुगाड़ की नाव बनाकर इधर-उधर जा रहे हैं.
दिल्ली में सोमवार को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 8 सितंबर यानी सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस दौरान बादल छाए रहेंगे, और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान तापमान में गिरावट देखी जा सकती है. अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. मौसम उमस भरा रहेगा, जिससे गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाएगी.
दिल्ली से सटे यूपी के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद और बागपत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बाकी जगहों पर सोमवार को बारिश से राहत की संभावना है. हालांकि 10 और 11 सितंबर से पूर्वी यूपी में फिर से भारी बारिश का अलर्ट है.
पंजाब-हरियाणा में मॉनसून दे सकता है राहत!
पंजाब और हरियाणा में 8 सितंबर को बारिश की संभावना कम है. इससे बाढ़ से जूझ रहे इन दोनों राज्यों के लोगों को राहत मिल सकती है और जलस्तर में कमी देखने को मिल सकती है. जम्मू-कश्मीर में 8 सितंबर को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में सोमवार को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है. हालांकि भूस्खलन का खतरा लगातार बना रहेगा. हिमाचल प्रदेश के सोलन, मंडील और शिमाल में बारिश- बाढ़ की आशंका है. का जोखिम है, खासकर शिमला, सोलन, और मंडी जैसे क्षेत्रों में.
राजस्थान के इन हिस्सों में अति भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में 8 सितंबर को पूर्वी और दक्षिण-पश्चिम हिस्से में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी है. कुछ स्थानों पर 20-30 सेमी तक बारिश हो सकती है. रेड अलर्ट जारी किया गया है. बिहार में 8 सितंबर को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन 9 सितंबर से कुछ जिलों में गरज के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट है.