सूर्यकुमार यादव ने दिखाया बड़ा दिल, आउट होने के बाद भी यूएई बल्लेबाज जुनैद को वापस बुलाया

भारतीय गेंदबाजों ने बुधवार को एशिया कप 2025 के दूसरे मुकाबले में यूएई की टीम को धराशायी कर दिया। यूएई की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल सकी। यूएई ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में 13.1 ओवर में सभी विकेट खकर 57 रन ही बना सकी। कुलदीप यादव और शिवम दूबे ने यूएई के बल्लेबाजों को टिकने का मौका तक नहीं दिया। यूएई की टीम ने शुरुआत अच्छी की थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। मैच के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खेल भावना की मिशाल पेश की। जिसे देखकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।

यूएई की पारी के 13वें ओवर में ये घटना हुई। शिवम दूबे के ओवर की तीसरी गेंद पर जुनैद सिद्दीकी ने पुल किया लेकिन गेंद और बैट का संपर्क नहीं हुआ। हालांकि उससे पहले गेंदबाज शिवम दूबे का तौलिया अंपायर से ठीक पहले गिर गया, जिससे बल्लेबाज का ध्यान भटका। गेंद पूरी हो जाने के बाद जुनैद ने अंपायर और गेंदबाज को इसके बारे में बताया लेकिन तब तक विकेट के पीछे खड़े संजू सैमसन ने उन्हें स्टंप आउट किया। अंपायर ने चेक किया तो जुनैद क्रीज के बाहर खड़े थे और तौलिया के बारे में इशारा कर रहे थे।

अंपायर ने जुनैद सिद्दीकी को आउट दे दिया था लेकिन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपील वापस ले ली। क्योंकि उन्हें लगा कि यूएई के बल्लेबाज को तौलिया गिरने की वजह से ध्यान भंग हुआ था और इस वजह से वह क्रीज पर बाहर रह गया। अंपायर ने सूर्यकुमार की बात मानी और यूएई के बल्लेबाज को नॉट आउट दिया। सूर्यकुमार की इस खेल भावना की प्रशंसा हो रही है। हालांकि जुनैद मिले मौका का फायदा नहीं उठा सके और अगली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच लपका। जुनैद सिद्दीकी खाता नहीं खोल सके।

भारत ने एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए मैच में संयुक्त अरब अमीरात को 13.1 ओवर में 57 रन पर ढेर कर दिया। यूएई के लिए अलीशान शराफू (22 रन) और मोहम्मद वसीम (19 रन) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। कुलदीप यादव ने 2.1 ओवर में सात रन देकर चार विकेट, जबकि शिवम दुबे ने दो ओवर में चार रन देकर तीन विकेट हासिल किए।