अमेरिका की यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान कंजरवेटिव युवा नेता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या (Charlie Kirk Shot Dead) कर दी गई. यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उनको गोली मारी गई. चार्ली किर्क की हत्या में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था, लेकिन कई घंटों पूछताछ के बाद उसे रिहा कर दिया गया. सुरक्षा एजेंसियां हत्यारे की तलाश में जुटी हैं. चार्ली किर्क यूटा वैली यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे, तभी उनके गले में गोली मार दी गई. करीबी की हत्या के बाद ट्रंप काफी आगबबूला हैं और उन्होंने इसके लिए कट्टर वामपंथी सोच को जिम्मेदार बताया. इस घटना के बाद अमेरिका का झंडा भी आधा झुका दिया गया है.
बंदूक की एक गोली, फिर चीखें
कार्यक्रम में मौजूद यूटा यूनिवर्सिटी एक पूर्व पदाधिकारी जेसन चैफेट्ज ने फॉक्स न्यूज को बताया कि किर्क ‘ट्रांसजेंडर और मॉस शूटर्स’ के बारे में एक सवाल का जवाब दे रहे थे. उसी दौरान गोली की आवाज सुनाई दी. पास के एक स्थान से शूट किए गए एक वीडियो क्लिप के अनुसार 31 वर्षीय किर्क गिर पड़े और उनकी गर्दन से खून बहने लगा. इसके बाद किर्क को उनके गार्ड्स स्ट्रेचर पर ले गए. चैफेट्ज के मुताबिक जैसे ही गोली चली, वह पीछे की ओर गिर गए. हर कोई जमीन पर लेट गया. बहुत से लोग चिल्लाने लगे, और फिर हर कोई भागने लगा.
कौन थे चार्ली किर्क
चार्ली किर्क अमेरिका में राइट विंग के जाने-माने एक्टिविस्ट थे. उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का काफी करीबी माना जाता था.किर्क अमेरिका के सबसे बड़े कंजरवेटिव यूथ मूवमेंट के प्रमुख थे. यह मूवमेंट 2012 में शुरू हुआ था. तब 18 साल के किर्क इसके को-फाउंडर बने थे. यूटा वैली यूनिवर्सिटी परिसर में दोपहर के वक्त “Freedom” शब्द लिखी हुई सफेद टी-शर्ट पहने किर्क एक कुर्सी पर बैठे थेवे अपने चारों ओर इकट्ठा लोगों के सवालों का जवाब दे रहे थे.यह कार्यक्रम देश भर में अक्टूबर के अंत तक चलना था. कुल 15 कार्यक्रम होने थे, जिसमें यह पहला था.
गुस्से में हैं राष्ट्रपति ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो शेयर करते हुए चार्ली की काफी तारीफ की और कहा कि हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं. ये अमेरिका के लिए एक काला दिन है. ट्रंप ने कहा कि चार्ली जैसे कमाल के अमेरिकी लोगों को कुछ चरमपंथी नाजी कहकर बुलाते हैं, इसी तरह के लोग आतंकवाद के लिए जिम्मेदार हैं. ये सब अब बंद होना चाहिए. हम लोग हिंसा में शामिल हर किसी को ढूंढकर उन्हें सजा देने का काम करेंगे. अपने इस संबोधन में ट्रंप ने खुद पर हुए जानलेवा हमले और बाकी हत्याओं का भी जिक्र किया.
राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी थे चार्ली किर्क
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर चार्ली किर्क की मौत पर दुख जताया. वहीं FBI डायरेक्टर काश पटेल ने भी इस घटना पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि यूटा वैली विश्वविद्यालय में चार्ली किर्क से जुड़ी दुखद गोलीबारी की रिपोर्टों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं. उनकी संवेदनाएं चार्ली, उनके प्रियजनों और प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. एफबीआई कार्रवाई और जांच में पूर्ण सहयोग के लिए तैयार है. चार्ली किर्क की हत्या के बाद ट्रंप ने राष्ट्रीय झंडों को आधा झुकाने का आदेश दिया है.