मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित विश्वकर्मा चौक पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में अलमासपुर निवासी आकाश और ऋषभ घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक बिना रुके तेज रफ्तार में कार लेकर भाग निकला। हालांकि, एक बाइक सवार युवक ने उसका काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सका।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित आकाश ने गांधी नगर पुलिस चौकी (नई मंडी कोतवाली) में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।