मुजफ्फरनगर में बारिश के साथ गिरे ओले:न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में मंगलवार को मौसम ने दिनभर आंख-मिचौली खेलने के बाद शाम होते-होते अपना रंग दिखा दिया। सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ था और बारिश के आसार नजर आ रहे थे, लेकिन दोपहर के समय बादल छंटने के साथ तेज धूप निकल आई, जिससे बारिश की उम्मीदें कमजोर पड़ती दिखीं।

हालांकि शाम करीब 5:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद ज़िले भर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में तेज हवा और कड़कती बिजली के साथ बारिश का दौर जारी रहा। देहात क्षेत्रों से ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आई हैं। खास तौर पर तितावी थाना क्षेत्र के बाघरा इलाके में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे।

न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आई ठंडक से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन ओलावृष्टि ने फसलों को लेकर आशंकाएं बढ़ा दी हैं। फिलहाल आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और बीच-बीच में बिजली की कड़क के साथ बारिश का सिलसिला जारी है।