मुजफ्फरनगर में तीन मुठभेड़: ‘पंजाब का भगोड़ा हाथ जोड़कर बोला नहीं करूंगा अब अपराध, यूपी भी दूंगा छोड़’

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार को महज 6 घंटे के भीतर पुलिस और बदमाशों के बीच तीन अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। इन मुठभेड़ों में तीन शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से हथियार, बाइक और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं।

पंजाब का भगोड़ा है आरोपी
सबसे चर्चित मुठभेड़ नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। ड्रीम सिटी के पास संदिग्ध स्कूटी सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाब में पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश सलमान उर्फ शहजाद घायल हो गया। यह आरोपी पंजाब का भगोड़ा बताया जा रहा है, जिस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के आगे गिड़गिड़ाने लगा आरोपी
घायल होने के बाद सलमान ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि वह अब अपराध की दुनिया छोड़ देगा और उत्तर प्रदेश में भी कहीं नजर नहीं आएगा। हालांकि, उसका साथी खुशनसीब मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही है।

जिला अस्पताल में कराया भर्ती
पुलिस ने घटनास्थल से एक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।

दो और पुलिस मुठभेड़
इससे पहले पुलिस मुठभेड़ मे 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश शिवम उर्फ मोटा को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरी मुठभेड़ बुढाना कोतवाली क्षेत्र में हुई, जिसमें 20 हजार के इनामी अवैध हथियार तस्कर शाहरुख पठान को पुलिस की गोली लगी। उसके पास से अवैध पिस्टल, तमंचा, बाइक और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, शाहरुख पठान पर लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों मुठभेड़ों को पुलिस अपराध नियंत्रण अभियान का हिस्सा बता रही है।