मुजफ्फरनगर में जीनस पेपर मिल में लगी आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में जीनस पेपर मिल में भीषण आग लग गई। आग मिल परिसर में रखे वेस्ट पेपर के बड़े स्टॉक में लगी बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

बताया जा रहा है कि आग दोपहर करीब 12 बजे लगी थी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन पेपर और वेस्ट मटेरियल में लगी आग तेजी से फैलती चली गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर लगाई गई हैं, जबकि आसपास की अन्य पेपर मिलों से भी फायर यूनिट बुलाई गई हैं। इसके अलावा शामली और मेरठ से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मंगाई गई हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन ऑफिसर रामकिशोर यादव खुद मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक तेज हवा की वजह से आग पर काबू पाने में भारी दिक्कत आ रही है।

सीएफओ अनुराग सिंह ने बताया कि एक समय आग पर करीब 90 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया था, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग दोबारा भड़क उठी। उन्होंने आशंका जताई कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में देर शाम तक का समय लग सकता है।

आपको बता दें कि जीनस पेपर मिल वही यूनिट है, जिसे पहले राणा पेपर मिल के नाम से जाना जाता था। बाद में मालिकाना हक बदलने के बाद इसका नाम जीनस पेपर मिल कर दिया गया था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।