मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला क्षेत्र में गुरुवार रात नगर पालिका की कार्यशैली के विरोध में लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। नाला निर्माण कार्य के दौरान पानी का गलत डायवर्जन होने से गंदा पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सीएनडीएस द्वारा नाला निर्माण के दौरान पानी रोकने की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई। अस्थायी डायवर्जन के चलते गंदा पानी सीधे रिहायशी इलाकों और घरों में भर गया, जिससे भारी नुकसान और परेशानी हुई।
देर रात पहुंचे अधिकारी, लोगों को दिया आश्वासन
सूचना पर नगर पालिका की ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया और सीएनडीएस की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
पेयजल संकट भी गहराया, बिजली कारण बताया गया
इसी दौरान क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत भी सामने आई। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में बिजली बाधित होने को कारण बताया, लेकिन स्थानीय लोगों ने इस पर असहमति जताई। देर रात तक अधिकारी दोनों समस्याओं के समाधान में जुटे रहे।