जबलपुर में जहां फेंका था बम, वहीं कान पकड़कर पैदल निकले, बोलते रहे ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’

जबलपुर। रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर प्रॉपर्टी डीलर के घर बमबाजी करने वाले दो आरोपितों को माढ़ोताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार देर रात पकड़े गए आरोपी आजाद बेन और दीपक रजक को पुलिस घटनास्थल में लेकर पहुंची। जहां दोनों आरोपित सिर झुकाए कान पकड़कर पैदल चले। आरोपी “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे लगाते नजर आए। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

करीब आठ-नौ दिन पहले रंगदारी मांगी थी
करमेता पोस्ट आफिस के पास निवासी सुमित चौबे प्रॉपर्टी डीलर हैं। करीब आठ-नौ दिन पहले बदमाश सौरभ यादव ने इंटरनेट काॅल के माध्यम से उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।

सुअरमार बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की
मोहित विश्वकर्मा, शिवांक यादव, आजाद बेन और दीपक रजक सुमित के घर पहुंचे और सुअरमार बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आजाद बेन और दीपक रजक को गिरफ्तार किया।

सौरभ यादव के इशारे पर अंजाम देने की बात स्वीकार की
पूछताछ में दोनों ने सौरभ यादव के इशारे पर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस अब फरार आरोपित सौरभ यादव, मोहित विश्वकर्मा और शिवांक यादव की तलाश में जुटी है।