8वीं कर ली पास फिर भी 9वीं में नहीं मिलेगा एडमिशन, मध्य प्रदेश में एक नियम से बच्चे परेशान

छिन्दवाड़ा :मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में बच्चों को 9वीं क्लास में एडमिशन नहीं मिलने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. आठवीं क्लास तक बच्चों ने सरकारी स्कूल में ही पढ़ाई की और जब 9वीं में एडमिशन लेने की बारी आई तो एडमिशन नहीं दिया जा रहा है क्योंकि इन बच्चों की उम्र 13 साल नहीं हुई है सरकार का एक नियम आया है कि 13 साल से कम उम्र के बच्चे को नवमीं में एडमिशन नहीं दिया जाएगा. अब बच्चे और उनके अभिभावक परेशान हैं

13 साल नहीं हुई है उम्र इसलिए 9वीं में एडमिशन नहीं
कक्षा आठवीं के बाद हाईस्कूल में एडमिशन के लिए शासन का नया नियम 30 बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. इन बच्चों को कक्षा नवमी में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है. दरअसल शासन के नए नियमों के मुताबिक कक्षा नवमीं में प्रवेश के लिए उम्र 13 साल पूरा होना आवश्यक है. इस नियम की उलझन के कारण अब ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने कक्षा आठवीं तो पास कर ली है पर उम्र 13 साल नहीं होने के कारण 9वीं में एडमिशन से वंचति है. चौरई विकासखंड के ऐसे ही 30 विद्यार्थियों के एडमिशन में पेंच फंस गया है.

अभिभावकों ने बताई समस्या कैसे होगी पढ़ाई?
झिलमिली के दीपक दुबे ने बताया, ” केजी और नर्सरी कक्षा होने के कारण बच्चों को कम उम्र में प्रवेश मिल गया था. अब वे 8वीं पास कर नवमी कक्षा में पहुंच गए हैं. शासन ने प्रवेश के लिए जो निर्देशिका जारी की है, उसके अनुसार कक्षा नवमीं में 13 साल से कम उम्र के बच्चों को कक्षा नवमीं में प्रवेश नहीं देने के आदेश जारी कर दिए हैं. ऐसे में झिलमिली के डीपी मिश्रा शासकीय स्कूल द्वारा इन बच्चों को प्रवेश देने से मना किया जा रहा है. सभी 30 बच्चों के परिजन इस मामले में अब जनप्रतिनिधि और अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं.”

प्राचार्य ने बनाई विद्यार्थियों की सूची डीईओ को भेजी
आठवीं तक शासकीय मिडिल स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थी जो पास हो जाते हैं ऐसे विद्यार्थियों को नजदीक के हाईस्कूल में 9वीं में एडमिशन देना होता है. शासकीय डीपी मिश्रा उमावि के नजदीक आने वाले मिडिल स्कूल धनौरा गौंसाई, सिहोराढाना, सिहोरामाल, पाल्हरी सहित दूसरे स्कूलों में कक्षा आठवीं उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को कक्षा नवमीं में एडमिशन मिलना है. सरकारी स्कूल डीपी मिश्रा उमावि झिलमिली प्राचार्य ने 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में 13 साल से कम उम्र वाले छात्रों की सूची बनाई है. प्राचार्य का कहना है, ” हमें प्रवेश निर्देशिका मिली है. इसके अनुसार कक्षा नवमीं में ऐसे विद्यार्थी जिनकी उम्र 13 वर्ष से कम है, उनका नामांकन होने में परेशानी होगी. इसके लिए हमने सूची बनाकर डीईओ कार्यालय से मार्गदर्शन मांगा है.

31 मार्च 2026 को 13 साल की उम्र जरूरी, निकाला जाएगा रास्ता
हाईस्कूल में एडमिशन के लिए मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 31 मार्च 2026 को नवमी कक्षा में एडमिशन लेने वाले छात्रों का 13 साल की उम्र होना अनिवार्य कर दिया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मेश्राम ने बताया, ” इस नियम का पालन करना जरूरी है क्योंकि पोर्टल में रजिस्ट्रेशन नहीं होगा ऑनलाइन सिस्टम होने की वजह से जन्म तारीख डालते ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया रुक जाती है लेकिन जिन बच्चों का मामला सामने आया है उनके लिए उच्च स्तर पर चर्चा की जाएगी और समाधान निकाला जाएगा.”