हरियाणा में कल से होगी मतदाताओं की मैपिंग, 20 हजार से अधिक बीएलओ की लगी ड्यूटी

चण्डीगढ़: हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 का कार्य सोमवार से शुरू होगा। हरियाणा के घर-घर में 20,629 बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं की मैपिंग करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को फॉर्म दिए जाएंगे। मतदाताओं को वह फॉर्म भर के बीएलओ को देने होंगे। यदि कोई मतदाता अपने घरों में नहीं मिलता है तो बीएलओ उनके घर पर एक पर्ची पर फोन नंबर और पूरी सूचना देकर जाएंगे। बीएलओ ऐसा कार्य तीन बार करेंगे। मतदाताओं की ओर से दर्ज कराए गए नाम की ड्राफ्ट 21 जुलाई को जारी होगा, जोकि राजनीतिक दलों को भी दिखाई जाएगी। 21 जुलाई से 20 अगस्त तक मतदाता किसी भी प्रकार के दावे आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे आपत्तियों को निपटाने का समय निर्धारित किया गया है। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवासन ने रविवार को सचिवालय में पत्रकारों से वार्ता की। पत्रकार वार्ता के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण की विस्तृत जानकारी दी। ए श्रीनिवासन ने बताया की सभी विधानसभा में सोमवार से 20,629 बीएलओ लगाए गए हैं, जोकि घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से फॉर्म भरवाएंगे। मतदाताओं को ये फॉर्म भर के निर्धारित अवधि में बीएलओ को वापस करने होंगे यदि ऐसा नहीं करेंगे तो उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने यह भी बताया की राजनीतिक दलों से बीएलए-1 और बीएलए-2 बनाने के लिए अनुरोध किया गया है, जिससे मतदाता सूची के कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।