अमेठी। किसानों को खाद वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए सहकारिता विभाग नई डिजिटल प्रणाली लागू करने जा रहा है। इसके तहत किसानों को पहले मोबाइल एप के माध्यम से खाद की आनलाइन बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद किसानों को आनलाइन टोकन जारी किया जाएगा और टोकन पर अंकित निर्धारित तिथि पर ही उन्हें खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद खाद केंद्रों पर लगने वाली भीड़ कम होगी तथा किसानों को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार मोबाइल एप पर खाद की मांग दर्ज करेंगे।
सत्यापन के बाद उन्हें ऑनलाइन टोकन मिलेगा, जिसमें खाद प्राप्त करने की तिथि, समय और केंद्र का विवरण दर्ज रहेगा। किसान निर्धारित तिथि पर केंद्र पहुंचकर आसानी से खाद प्राप्त कर सकेंगे। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से खाद वितरण में पारदर्शिता आएगी और कालाबाजारी तथा जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगेगी।
साथ ही किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा सकेगा। जिन किसानों के पास स्मार्टफोन नहीं हैं, वे जनसेवा केंद्रों अथवा विभागीय कर्मचारियों की मदद से पंजीकरण और बुकिंग करा सकेंगे।
सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) विजय मिश्र ने बताया कि शासन की मंशा किसानों को सरल और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि किसान पहले मोबाइल एप के माध्यम से खाद की बुकिंग करेंगे।
इसके बाद उन्हें ऑनलाइन टोकन जारी किया जाएगा और टोकन पर निर्धारित तिथि में ही खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे अनावश्यक भीड़, अव्यवस्था और खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा। उन्होंने किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने तथा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।