एक के बाद एक गिरफ्तारी! तृणमूल के पूर्व मंत्री और ममता के करीबी उदयन गुहा भी पुलिस के हत्थे चढ़े

West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में कोलकाता से राज्य के पूर्व मंत्री उदयन गुहा पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं. उन्हें गिरफ्तार कर फूलबगान थाने ले जाया गया था और अब उन्हें नॉर्थ बंगाल ले जाया जा रहा है. उदयन पर साल 2021 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद कूचबिहार में चुनावी हिंसा में शामिल होने का आरोप लगा था.

चुनावी हिंसा के अलावाउदयन गुहा के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े कुछ मामले भी हैं. पुलिस के एक अन्य सूत्र का दावा है कि धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में उदयन को गिरफ्तार किया गया है. फूलबागान थाने ले जाने के बाद उदयन ने दावा किया कि जिस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है, उस मामले में उन्हें पहले से अग्रिम जमानत मिली हुई है. उदयन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें अनैतिक तरीके से गिरफ्तार किया है.

पकड़े जाने के डर से भागे नेता
4 मई को दिनहाटा विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार से हारने के बाद उदयन कूचबिहार छोड़कर चले गए थे. तब से वह कोलकाता में ही रह रहे थे. पिछले कुछ दिनों में वह सार्वजनिक रूप से भी नहीं दिखे थे. उदयन की गिरफ्तारी पर दिनहाटा के भाजपा विधायक अजय रॉय ने कहा,’ उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. हमारे कार्यकर्ता रतन बर्मन की हत्या के मामले से लेकर बीज घोटाला, आवास योजना में कटमनी लेने समेत उदयन के खिलाफ और भी कई मामले हैं. 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा की जांच में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग आया था. वहां भी उनका नाम सबसे आगे था.’ उन्होंने आगे जोड़ा,’ उदयन को बहुत पहले ही गिरफ्तार कर लेना चाहिए था. चुनाव नतीजे आने के बाद ही वह डर से दिनहाटा छोड़कर भाग गए थे. मेरा मानना है कि कानून के दायरे में लाकर इन सभी मामलों की सही जांच और न्याय होना चाहिए.’

चुनाव में कैसे मिली जीत?
अक्टूबर साल 2015 में फॉरवर्ड ब्लॉक छोड़कर उदयन TMC में शामिल हुए थे. उनके पिता कमल गुहा राज्य की वाम सरकार में मंत्री थे. साल 2011 में फॉरवर्ड ब्लॉक के टिकट पर और 2016 में TMC के टिकट पर दिनहाटा सीट से उदयन जीते थे. साल 2021 के विधानसभा चुनाव में राज्य के वर्तमान उत्तर बंगाल विकास मंत्री और बीजेपी नेता निशीथ प्रमाणिक से वह हार गए थे. बाद में निशीथ के विधायक पद छोड़ने पर उपचुनाव में इसी सीट से उदयन भारी वोटों से जीते थे. तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मंत्रिमंडल में उन्होंने उत्तर बंगाल विकास मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था. साल 2026 के विधानसभा चुनाव में वह भाजपा उम्मीदवार से 17 हजार से भी ज्यादा वोटों से हार गए.

भाजपा ने बांटी मिठाई
उदयन की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही दिनहाटा के पांचमाथा मोड़ पर भाजपा ने मिठाई बांटने का आयोजन किया. बीजेपी के कार्यकर्ता-समर्थकों ने दिनहाटा के विधायक अजय को मिठाई खिलाई. इससे पहले राज्य के तीन और मंत्री गिरफ्तार हो चुके हैं. वे हैं सुजीत बसु, दिलीप मंडल और उज्ज्वल विश्वास. अब एक और पूर्व मंत्री उदयन गिरफ्तार हुए हैं.