मात्र 6 लाख देकर घर लाएं Tesla की दमदार इलेक्ट्रिक कार Model Y! जानिए क्या है ऑफर

Tesla Model Y Down Payment: अगर आपका सपना टेस्ला कार खरीदने का है, तो अब यह सपना हकीकत में बदलने जा रहा है. एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने भारत में टेस्ला खरीदने वाले लोगों के लिए बहुत ही शानदारऔर सस्ता ईज ऑफ ओनरशिप प्रोग्राम लॉन्च कर दिया है. मस्क की कंपनी के इस स्कीम के तहत आप दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार Tesla Model Y को मात्र ₹6 लाख का डाउन पेमेंट देकर अपने घर ले जा सकते हैं.

सुनने में भले ही यह चौंकाने वाला हो, लेकिन यह पूरी तरह से सच है. आप मात्र 6 लाख रुपये देखर टेस्ला कार अपने घर ले जा सकते हैं. इसके बाद आपको हर महीने EMI देनी होगी. इस मॉडल की शुरुआती एक्स शोरूम प्राइस 61,99,000 रुपये है.

पेट्रोल के खर्च में ही आ जाएगी नई टेस्ला!
टेस्ला ने हैदराबाद में अपना नया एक्सपीरियंस सेंटर खोलने के साथ ही इस खास स्कीम की घोषणा की है. टेस्ला इंडिया के हेड शरद अग्रवाल ने इस स्कीम के पीछे का गणित समझाते हुए बताया कि यह प्लान भारतीय कस्टमर्स के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा.

ज्यादातर सामान्य कार मालिक हर महीने पेट्रोल और कार की मेंटेनेंस पर कम से कम ₹15,000 से ₹20,000 खर्च कर देता है. शरद अग्रवाल के अनुसार अगर आप पेट्रोल कार छोड़कर इस ई-लीज प्लान को लेते हैं, तो पेट्रोल और मेंटेनेंस का खर्च लगभग ₹20,000 सीधे तौर पर बच जाएगा. ऐसे में ₹39,990 के मंथली पेमेंट में से ₹20,000 तो आपकी बचत से ही निकल आएंगे. यानी सिर्फ ₹20,000 के एक्स्ट्रा खर्च पर आप दुनिया की सबसे बेहतरीन और सुरक्षित कार का मजा ले सकते हैं. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि आपको कितने महीने तक EMI देना होगा.

घर बैठे ठीक होगी कार!
टेस्ला का दावा है कि उसकी कारों में पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों की तरह हर 6 महीने या 10,000 किलोमीटर पर सर्विसिंग कराने का कोई तय झंझट नहीं है. इन कारों को बहुत ही कम मेंटेनेंस की जरूरत होती है. इसके साथ ही टेस्ला ने कस्टमर्स के लिए रिमोट डायग्नोस्टिक्स मॉडल भी पेश किया है. यानी इसका मतलब है कि अगर कार में कोई खराबी आती है, तो टेस्ला की टीम सॉफ्टवेयर के जरिए दूर से ही घर बैठे ज्यादातर समस्याओं को ठीक कर देगी. आपको सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

देश के किसी भी कोने से खरीद सकेंगे कार
अगर कोई ऐसी समस्या आती है जो ऑनलाइन ठीक नहीं हो सकती, तो उसके लिए कंपनी की 24×7 मोबाइल सर्विस सपोर्ट टीम सीधे कस्टमर्स के पास पहुंचेगी. टेस्ला इंडिया के हेड ने साफ किया कि इस बेहतरीन सर्विस मॉडल के कारण भारत के किसी भी हिस्से में रहने वाले लोग बिना किसी झिझक के टेस्ला कार खरीद सकते हैं. उन्हें इस बात का इंतजार करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है कि उनके शहर में टेस्ला का शोरूम या सर्विस सेंटर कब खुलेगा.