समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के नवाबगंज गांव में शनिवार की सुबह करीब साढ़े 9 बजे बीच सड़क पर ही एक 90 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने शरीर पर डीजल उड़ेलकर खुद को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वृद्ध की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की भनक मिलते ही चकमेहसी थाना अध्यक्ष जितेंद्र सहनी और अपर थाना अध्यक्ष सब्बीर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
गंगाजल बताकर डब्बे में लाया था डीजल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चकमेहसी पंचायत के वार्ड संख्या 13, चकमेहसी मासूमनगर निवासी स्वर्गीय पृथ्वी सहनी के 90 वर्षीय पुत्र बंसीलाल सहनी के रूप में की गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग पिछले काफी समय से मानसिक रोग से पीड़ित थे। शनिवार सुबह वह टारा चौक से भट्टी चौक जाने वाली मुख्य सड़क पर हाथ में एक डब्बा लेकर जा रहे थे। रास्ते में जब कुछ ग्रामीणों ने टोका और डब्बे के बारे में पूछा, तो बुजुर्ग ने चकमा देते हुए कहा कि इसमें ‘गंगाजल’ है। लेकिन नवाबगंज गांव के समीप पहुंचते ही उन्होंने अचानक वह डीजल अपने पूरे शरीर पर छिड़क लिया और माचिस मार ली। वृद्ध को आग की लपटों में घिरा देख स्थानीय लोग चादर और बोरा लेकर उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि पल भर में उसने वृद्ध को अपने आगोश में ले लिया और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
4 दिन पहले भी की थी जान देने की कोशिश
बताया गया है कि मृतक का पुत्र दीपन सहनी बिहार से बाहर दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है, जबकि घर पर उनकी बहू पवित्रि देवी और पोता रहते हैं। घटना के बाद से बहू और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर गहरी चर्चा है कि आखिर 90 वर्षीय बुजुर्ग के पास डीजल कहाँ से आया और किसने उन्हें यह बेचा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंसीलाल सहनी ने 4 दिन पहले भी आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन तब लोगों की मुस्तैदी से उन्हें बचा लिया गया था। पुलिस को घटनास्थल पर शव के पास से एक 100 रुपये का जला हुआ नोट भी मिला है। थाना अध्यक्ष जितेंद्र सहनी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है और परिजनों के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।