उत्तराखंड में एक ही दिन चार भीषण सड़क हादसे, मां-बेटे समेत 9 मरे; कांग्रेस नेता की भी मौत

देहरादून: उत्तराखंड में चार भीषण हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। हरिद्वार जिले के श्यामपुर में कांगड़ी फ्लाईओवर पर सोमवार तड़के करीब 4:15 बजे बस और पिकअप वाहन की टक्कर में पिकअप सवार मां-बेटे समेत तीन लोगों की जान चली गई और चार लोग घायल हो गए। वहीं, हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास सुबह के समय डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल डाला।

उधर, अल्मोड़ा में कार ऊपर की सड़क से लुढ़कते हुए नीचे दूसरी सड़क पर आकर पलटने से कांग्रेस नेता समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, रुद्रपुर में टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर खड़े कंटेनर में जा घुसने से ट्रैवल कारोबारी की जान चली गई।

रोडवेज ने पिकअप वाहन को टक्कर मारी, 3 की मौत
श्यामपुर की कार्यवाहक प्रभारी सीओ अवनी तिवारी के अनुसार कांगड़ी फ्लाईओवर पर टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में 10 लोग सवार थे। बस में 44 यात्री मौजूद थे। हादसे में 18 वर्षीय अमान पुत्र शराफत निवासी नजीबाबाद, 35 वर्षीय फहीम निवासी बढ़ापुर नजीबाबाद की मौत हो गई। घायल 42 वर्षीय शराफत निवासी नजीबाबाद और 35 वर्षीय उनकी पत्नी शबाना को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने दम तोड़ दिया। बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। मरने वालों में अमान और फहीम बस की टक्कर के बाद फ्लाईओवर से नीचे गिर गए थे।

डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत
हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास वैकल्पिक वन-वे मार्ग पर मिट्टी से भरे डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मृतक के सिर पर लगा हेलमेट टूट गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय ऋतिक कुमार निवासी खुशहालपुर मठेरी, नगीना के रूप में हुई है। वह हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रहे थे। आरोपी चालक घटनास्थल से 500 मीटर आगे डंपर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक,आपस में रिश्तेदार छह लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया कार से लौट रहे थे। इसी बीच चालक अचानक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार ऊपर की सड़क से लुढ़कते हुए नीचे दूसरी सड़क पर आकर पलट गई। हादसे में कार सवार कांग्रेस के जिला सचिव 40 वर्षीय राजेन्द्र सिंह बिलवाल, 35 वर्षीय जगदीश सिंह, 56 वर्षीय लछम सिंह और 55 वर्षीय पान सिंह सभी निवासी बलिया, अल्मोड़ा की मौत हो चुकी थी। हादसे में गोपाल सिंह और सचिन सिंह बिलवाल घायल हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।