मुजफ्फरनगर में न्यूनतम मजदूरी को लेकर ईंट भट्ठा श्रमिकों का पैदल मार्च

मुजफ्फरनगर: जनपद में सोमवार को ईंट भट्ठा श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया. शाहपुर कस्बे से जिला मुख्यालय तक करीब 20 किलोमीटर पैदल मार्च कर, सैकड़ों श्रमिकों ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा.

प्रदर्शनकारी श्रमिकों का कहना था कि सरकार द्वारा ईंट भट्ठा श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी 718 रुपये 35 पैसे प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं, लेकिन अधिकांश भट्ठा संचालक उन्हें निर्धारित मजदूरी नहीं दे रहे हैं. इसके अलावा श्रमिकों के रहने, खाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें आज भी बंधुआ मजदूरों जैसा जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

भीम आर्मी के झंडे हाथों में लेकर निकले मजदूरों ने पूरे रास्ते “जय भीम” और अपने अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए. शाहपुर से शुरू हुआ यह पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और शिव चौक से गुजरते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में मौजूद श्रमिकों ने प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया.

ज्ञापन के माध्यम से मजदूरों ने मांग की के ईंट भट्ठों पर सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी का कड़ाई से पालन कराया जाए. साथ ही श्रमिकों के लिए सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

उन्होंने यह भी मांग की कि श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाले भट्ठा संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी.