Breaking News: आम लोगों के लिए बड़ी राहत! पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 सस्ता

आम लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. 1 जुलाई को नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है. मिडिल ईस्ट में टेंशन कम होने और कच्चे तेल की सप्लाई फिर से सामान्य होने से ग्लोबल बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट आई है, जिसके चलते कंपनी ने ये फैसला लिया है.
बता दें कि नायरा एनर्जी के पूरे देश में 7000 से ज्यादा पेट्रोल-पंप हैं. इन सभी पेट्रोल पंप पर ये कटौती लागू की गई है. हालांकि, अलग-अलग जगहों पर स्थानीय टैक्स की वजह से पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुछ अलग हो सकती हैं. सरकार तेल कंपनियों की बात करें तो भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम में फिलहाल अपने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं किया है.

नायरा एनर्जी ने सबसे पहले बढ़ाए थे पेट्रोल-डीजल के दाम
मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के कारण कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई थी. ऐसे में कई तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी. सबसे पहले नायरा एनर्जी ने ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे और पेट्रोल में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़त की थी. जबकि डीजल 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया था.

यूएस और ईरान के बीच समझौता होने की खबरों की वजह से कच्चे तेल में नरमी देखी जा रही है. आज 1 जुलाई को कच्चा तेल 0.33 फीसदी उछलकर 73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. अब ग्लोबल बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नरम पड़ने से तेल कंपनियों पर भी काफी हद तक दबाव काफी कम हो गया है. बता दें कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 25 मई को बढ़ोतरी हुई थी. सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 7.60 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए थे. अलग-अलग शहरों में आज पेट्रोल और डीजल के रेट अलग हैं. सबसे सस्ता पेट्रोल चंडीगढ़ में 101.54 रुपये प्रति लीटर है, जबकि हैदराबाद में इसकी कीमत सबसे अधिक 115.69 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, दिल्ली और नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.

डीजल की बात करें, तो चंडीगढ़ में इसकी कीमत 89.47 रुपये प्रति लीटर है. दूसरी ओर, हैदराबाद में डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर के साथ सबसे महंगा है.